मुंबई पुलिस के साथ आयुष्मान की खास पहल
आयुष्मान मुंबई पुलिस की नई साइबर सिक्योरिटी को लेकर की गई पहल का चेहरा बने हैं। इस अभियान का मकसद आम लोगों, खासकर कमजोर तबके को साइबर अपराधियों के चालाक तरीकों के बारे में जागरूक करना है। ये अपराधी मासूम लोगों को ठगने और उनके साथ धोखा करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाते हैं। इस पहल के तहत रिलीज हुए एक वीडियो में आयुष्मान ने ऑनलाइन सावधानी बरतने और ठगी से बचने के आसान टिप्स साझा किए। मौजूदा समय में ज्यादातर शिकार ऐसे लोग बनते हैं, जो इन अपराधियों की चालबाजियों से अनजान होते हैं। मुंबई पुलिस और आयुष्मान का मानना है कि इस वीडियो से लोग डिजिटल दुनिया में खुद को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी जानकारी और हौसला पा सकेंगे।
साइबर सुरक्षा पर आयुष्मान ने कही ये बात
इस अभियान के बारे में बात करते हुए आयुष्मान ने कहा, "आज के समय में साइबर सुरक्षा बेहद जरूरी हो गई है। ऑनलाइन ठगी और धोखाधड़ी इतनी बढ़ गई है कि हमें जागरूक और सतर्क रहना ही होगा। मुंबई पुलिस के साथ मिलकर काम करना मेरे लिए गर्व की बात है। पुलिस हमेशा शहर के लोगों की सुरक्षा के लिए आगे रहती है और अब ऑनलाइन सुरक्षा को बढ़ावा दे रही है। यह अभियान और पुलिस की नई हेल्पलाइन लोगों को साइबर अपराधों से बचाने और संभावित ठगी से सावधान रहने का शानदार प्रयास है। यह हमें याद दिलाता है कि किसी भी धोखे में फंसने से पहले दो बार सोचना जरूरी है।"
Raid 2: शाहरुख-सलमान के घर रेड पड़ेगी तो क्या करेंगे? प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजय देवगन ने दिया मजेदार जवाब
इन फिल्मों में जल्द आएंगे नजर
फिल्मों की बात करें तो आयुष्मान इन दिनों रश्मिका मंदाना के साथ हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'थामा' की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसके अलावा वह सारा अली खान के साथ एक स्पाई फिल्म पर भी काम कर रहे हैं, जिसका टाइटल अभी तक सामने नहीं आया है।