अपनी बेबाकी के लिए मशहूर अभिनेत्री स्वरा भास्कर की फिल्म 'अनारकली ऑफ आरा' का लेखन और निर्देशन करने वाले अविनाश दास एक बार फिर से खबरों में हैं। वह एक ओरिजिनल सस्पेंस थ्रिलर फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं जिसकी कहानी राजस्थान की पृष्ठभूमि पर आधारित अतुल सत्य कौशिक के एक नाटक 'बालीगंज 1990' से प्रेरित है। फिल्म का शीर्षक है 'रात बाकी है'।
'रात बाकी है' की कहानी पहले प्यार, फिर उसमें धोखा और बाद में बदला लेने की होगी। फिल्म की कहानी एक रात पर ही आधारित है जिसमें अलग हो चुका एक प्रेमी जोड़ा अचानक से विचित्र परिस्थितियों में 12 साल बाद मिलता है। यहां एक हत्या भी होती है जो अप्रत्याशित घटनाओं को जन्म देती है। इस फिल्म में पाउली डैम, अनूप सोनी, राहुल देव, दीपानिता शर्मा और आकाश दहिया मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह समय अनिश्चितताओं भरा है इसलिए निर्माताओं ने अभी इस फिल्म के रिलीज होने की तारीख तय नहीं की है।