निर्माता निर्देशक विशाल भारद्वाज के बेटे आसमान भारद्वाज ने अपनी पहली फिल्म ‘कुत्ते’ की शूटिंग पूरी करने की तरफ कदम बढ़ा दिए हैं। फिल्म के आखिरी शेड्यूल की शूटिंग शुरू हो चुकी है और इसमें लीड रोल निभा रहे अभिनेता अर्जुन कपूर ने इस फिल्म को अपने करियर के लिए एक बेहद अहम फिल्म बताया है। वह कहते हैं, ‘‘मैं जब भी फिल्म ‘कुत्ते’ के सेट पर होता हूं तो हर दिन फिल्म उद्योग में मेरे पहले दिन जैसा लगता है।’’ इस फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, कोंकणा सेन शर्मा, तब्बू और राधिका मदान भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। अर्जुन के पास फिल्म ‘कुत्ते’ के अलावा मोहित सूरी की ‘एक विलेन 2’, अजय बहल की ‘लेडी किलर’, और जगन शक्ति के निर्देशन में बनने वाली एक अनाम फिल्म भी है।