सिंह साब द ग्रेट के बाद आपने लंबा वक्त लिया, क्या वजह रही?
उस फिल्म के बाद मैं दो साल के लिए अमेरिका गया था। मेरा बेटा और बेटी वहीं पढ़ रहे थे। तब सोचा कि नए तरह की फिल्म बनानी है। मैं अपने जॉनर से हटना नहीं चाहता था लेकिन मेरी कोशिश थी कि नई तकनीक, नए अंदाज के साथ काम करूं। लंबे समय में ईश्वर ने अनिल शर्मा की एक पहचान बना दी है तो लोग मुझसे खास तरह की फिल्म की अपेक्षा करते हैं। जिसमें उन्हें एंटरटेनमेंट, नाच-गाना, देशभक्ति और ऐक्शन हर चीज चाहिए होती है। मैं पब्लिक को सब देना चाहता हूं लेकिन नए अंदाज में। अमेरिका में रहते हुए मैंने खुद को ग्रो किया। इंडिया लौटा। जीनियस पर काम शुरू किया। तब तक बेटा भी पढ़ कर आ चुका था। उत्कर्ष ने फिल्म ऐक्टिंग डायरेक्शन और प्रोडक्शन की पढ़ाई की है। इसके बाद मैंने उसे लेकर फिल्म शुरू की।