बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर अपने शो 'इंडिया के टॉप 1%' को लेकर चर्चा में हैं। इस शो के अपकमिंग एपिसोड में अनिल कपूर ने दिवंगत अभिनेता-फिल्म निर्माता सतीश कौशिक के साथ अपनी गहरी दोस्ती को याद किया है। उन्होंने बताया कि उनके बीच का रिश्ता सिर्फ पेशेवर जुड़ाव से कहीं बढ़कर था।
सतीश से मिलती है गगन की शक्ल
यह भावुक पल तब आया जब शो के एक प्रतियोगी गगन ने बताया कि लोग अक्सर उनकी तुलना दिवंगत अभिनेता से करते हैं। गगन की शक्ल सतीश कौशिक से काफी मिलती-जुलती है। गगन ने यह भी बताया कि टीवी शो 'सुमित संभल लेगा' की शूटिंग के दौरान दिल्ली में उनकी मुलाकात सतीश कौशिक से हुई थी। इस बात ने अनिल कपूर को अपने दोस्त से जुड़ी पुरानी यादों में खो जाने पर मजबूर कर दिया।
गगन, अनिल कपूर
- फोटो : सोशल मीडिया
अनिल कपूर से कैसा था सतीश का रिश्ता?
सतीश कौशिक के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए अनिल कपूर ने कहा, 'उनके साथ मेरा रिश्ता कैसा था, इसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। अगर यह शूटिंग 70 मिनट की भी होती, तो भी उनके बारे में किस्से सुनाने के लिए कम पड़ जाती। वे मुझसे अक्सर कहते थे, 'तुम्हारा टैलेंट लाजवाब है'।'
कौन होता अनिल कपूर का जुड़वां भाई?
अनिल कपूर ने यह भी बताया कि वह प्यार से सतीश कौशिक को 'डैनी डेविटो' कहकर बुलाते थे। दोनों को 'ट्विन्स' फिल्म बहुत पसंद थी और वे अक्सर सोचते थे कि काश वे कभी साथ में जुड़वां भाइयों का किरदार निभा पाते। अपनी गहरी दोस्ती को याद करते हुए अनिल कपूर ने कहा, 'अगर मेरा कोई जुड़वां भाई हो सकता है, तो वह सिर्फ सतीश थे, क्योंकि वह मेरे बारे में सब कुछ जानते थे। मेरा गुस्सा, मेरी खुशी, हर एक बात। वह मुझे बहुत अच्छे से समझते थे।'
अनिल कपूर
- फोटो : सोशल मीडिया
अनिल कपूर ने बोला सतीश का डायलॉग
बातचीत तब और मजेदार हो गई जब अनिल कपूर और गगन ने मंच पर सतीश कौशिक का एक यादगार डायलॉग दोहराया, 'मेरा नाम है कैलेंडर, मैं चला किचन के अंदर!' गगन के इस अंदाज की तारीफ करते हुए अनिल कपूर ने कहा, 'आपने मेरा दिल जीत लिया है।' इसके बाद उन्होंने मजाक में दर्शकों से कहा कि अगर किसी के पास 'ट्विन्स' फिल्म से प्रेरित कोई फिल्म बनाने के लिए पैसे हों, तो उन्हें और गगन को जुड़वां भाइयों के रोल में कास्ट करें।
कब हुआ सतीश का निधन?
- सतीश कौशिक का 9 मार्च 2023 को निधन हो गया था।
- वह एक बेहतरीन अभिनेता होने के साथ निर्देशक, निर्माता, एडिटर और स्क्रीनराइटर थे।
- वह अनिल कपूर के साथ 'मिस्टर इंडिया', 'राम लखन' और 'जमाई राजा' जैसी फिल्मों में नजर आए थे।