हर्षवर्द्धन कपूर की पहली फिल्म का ट्रेलर वह चर्चा नहीं पा सका जिसकी उम्मीद थी। इस साल किसी बड़े स्टारपुत्र का यह महत्वपूर्ण डेब्यू है। ट्रेलर की नाकामी के बाद अनिल कपूर फिल्म पर पैनी निगाह रखे हुए हैं
अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्द्धन पर सबकी नजरे हैं। उनकी पहली फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। फिल्म का निर्देशन दिग्गज राकेश ओमप्रकाश मेहरा कर रहे हैं, जिनकी रंग दे बसंती क्लासिक जैसा दर्जा हासिल कर चुकी है। लेकिन दुखद यह है कि दर्शकों की उम्मीदों पर हर्ष की डेब्यू फिल्म का ट्रेलर खरा नहीं उतरा। इस युवा हीरो के लुक ने भी हलचल नहीं मचाई।
ट्रेलर देखने वाले अधिकतर दर्शक निराश हुए। सूत्रों की मानें तो इसके बाद से अनिल कपूर और मेहरा के बीच तनाव पैदा हो गया है। बताया जा रहा है कि दोनों में फिल्म को लेकर गहरे रचनात्मक मतभेद हैं और उनमें कई बार बहस हो चुकी है।
इंडस्ट्री में चर्चा है कि सुपरसितारे को लगता है कि निर्देशक उसके बेटे की डेब्यू फिल्म को वैसा आकार नहीं दे सका, जैसी आशा थी। वैसे तो अनिल कपूर की छवि बिंदास रही है और वह परवाह नहीं करते कि फिल्म कैसी बनी। परंतु उन्हें करीब से जानने वाले बताते हैं कि जब बात अपने बच्चों की आती है तो अनिल चौकन्ने रहते हैं और कई बार व्यक्तिगत दखलंदाजी शुरू कर देते हैं।