बॉलीवुड एक्टर अंगद बेदी अब डायरेक्शन के क्षेत्र में हाथ आजमाने को तैयार हैं। वो क्रिकेटर रह चुके अपने पिता बिशन सिंह बेदी के जीवन पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री बनाएंगे। अंगद इसमें अपने पिता की क्रिकेटर बनने से पहले का और बाद का सफर दिखाएंगे।
अंगद बेदी ने खुद भी एक क्रिकेटर के तौर पर ही करियर की शुरुआत की थी। वो चाहते हैं कि लोग एक बार फिर उनके पिता की जिंदगी का अनुभव करें। अंगद को डॉक्यूमेंट्री देखना बहुत पसंद है।
उन्होंने बताया, 'मुझे लगता है कि डॉक्यूमेंट्री लोगों की जिंदगी को दर्शाने का एक अच्छा तरीका है। मेरे पिता के खिलाड़ियों के साथ रिश्ते, दोस्तों का उन्हें बिश बुलाना, घर पर उनके रिश्ते। खेल के लिए उनका प्यार आदि, सब के साथ डॉक्यूमेंट्री न्याय करेगी।'
अंगद को लगता है कि बिशन सिंह की जिंदगी आने वाले कई क्रिकटरों के लिए प्रेरणा बन सकती है। मुंबई मिरर को दिए इंटरव्यू में अंगद ने बताया, 'मुझे खेल पसंद है और मैं देश के सभी खिलाड़ियों को देखता हूं। मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मेरा जन्म भी इन्हीं मे से एक के यहां हुआ है। अब मैं उनकी प्रेरणादयाक कहानियां लोगों के साथ शेयर करना चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि क्रिकेट के लिए उनका प्यार सभी को पता चले।'
बता दें कि अंगद बॉलीवुड फिल्म 'फाल्तू', 'पिंक', 'डियर जिंदगी' में काम कर चुके हैं। वहीं अब वो सलमान खान के साथ उनकी अगली फिल्म 'टाइगर जिंदा है' में नजर आएंगे।