महानायक अमिताभ बच्चन की बराबरी शायद ही फिल्म इंडस्ट्री में कोई कर पाए। वो 74 साल की उम्र में भी हर रोल के साथ इंसाफ करते हैं और पर्दे पर उसे बखूबी निभाते हैं। हाल ही में अपने दूसरे जन्मदिन को लेकर अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर अपने फैंस के लिए ट्वीट किया है।
अब आप सोच रहे होंगे ये दोबारा जन्म लेने का क्या मतलब है? तो हम आपको बता दें कि वैसे तो अमिताभ बच्चन का जन्म 11 अक्टूबर 1942 को हुआ था लेकिन वो मानते हैं कि 2 अगस्त को 1982 को उनका जन्म दोबारा हुआ था। अमिताभ बच्चन ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'अगस्त 2, 1982,.. सांसे बंद होने को थीं, परंतु आप सब की प्रार्थना ने मुझे जीवित रखा। एक ऋण जिसे मैं कभी भी उतार नहीं सकूंगा।'
दरअसल फिल्म 'कुली' के सेट पर लड़ाई का सीन शूट करते वक्त अमिताभ बच्चन की पसलियों में काफी जोरदार चोट आई थी। इसके बाद उन्हें तुरन्त अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां उनकी दो सर्जरी की गयीं। हफ्तेभर अमिताभ बच्चन की हालत काफी गंभीर रही। इस वाकया को आज 35 साल बीत गए हैं। इसलिए अमिताभ बच्चन इस दिन को अपना दूसरा जन्मदिन मानते हैं।
T 2503 - August 2, 1982 .. सासें बंद होने को थीं , परंतु आप सब की प्रार्थना ने मुझे जीवित रक्खा । एक ऋण जिसे मैं कभी भी उतार नहीं सकूँगा । 🙏 pic.twitter.com/f2tYGi4JxE
— Amitabh Bachchan (@SrBachchan) August 1, 2017