अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर लगभग तीन दशक बाद बड़े पर्दे पर साथ देने वाले हैं। दोनों फिल्म '102 नॉट आउट' में दिखाई देंगे जिसमें दोनों ने बाप-बेटे की भूमिका निभाई है। फिल्म में दोनों का फर्स्ट लुक रिलीज कर दिया गया है।
फिल्म विश्लेषक तरण आर्दश ने फिल्म से दोनों की तस्वीर ट्वीट की। इस फिल्म में अमिताभ ने 102 साल के बाप और ऋषि ने उनके 75 साल के बेटे का रोल निभाया है। अमिताभ और ऋषि दोनों को पहचानना मुश्किल है। अमिताभ पहले भी 'पा' फिल्म में अपना लुक एकदम बदल चुके हैं। वहीं ऋषि कपूर भी पिछले साल आई फिल्म 'कपूर एंड संस' में एक बुजुर्ग दादा का रोल निभा चुके हैं।
Amitabh Bachchan and Rishi Kapoor reunite after almost 3 decades for director Umesh Shukla's #102NotOut... Filming commences in Mumbai... pic.twitter.com/hnaTnpZm1f
— taran adarsh (@taran_adarsh) May 19, 2017
'102 नॉट आउट' फिल्म इसी नाम के गुजराती नाटक पर बेस्ड है जिसकी पटकथा लेखन और निर्देशन सौम्या जोशी ने किया है। सौम्या ही इस फिल्म की स्क्रिप्ट लिखेंगी। फिल्म को उमेश शुक्ला डायरेक्ट करेंगे जो इससे पहले 'ओएमजी- ओह माय गॉड' और 'ऑल इज वेल' का निर्देशन कर चुके हैं। ये फिल्म 102 के बाप दत्तात्रेय वखारिया और उसके 75 साल के बेटे बाबु की कहानी है। बाप जहां 102 साल की उम्र में भी अपने सपनों का पीछा करना नहीं छोड़ता वहीं उसका बेटा ठीक उससे उलट है। आपको बता दें कि ऋषि कपूर इस रोल के लिए पहली पसंद नहीं थे। ये रोल परेश रावल करने वाले थे लेकिन अपने राजनीतिक प्रतिबद्धताओं के कारण वह ये फिल्म नहीं कर पाए।