अमिताभ बच्चन, संजय दत्त को हुई सजा या उनको मिल सकने वाली माफी पर किसी भी तरह की टिप्पणी करने से बच रहे हैं। सोशल नेटवर्किंग साइट पर आमतौर पर हर ज्वलंत मुद्दे पर अपनी राय रखने वाले अमिताभ ने यहां भी कोई ट्वीट या कमेंट नहीं किया है।
सुप्रीम कोर्ट ने 1993 मुंबई ब्लास्ट से जुडे एक मामले में संजय दत्त को पांच साल की सजा सुनाई है। कई फिल्मी हस्तियों ने उनकी सजा पर अपने विचार रखे हैं। ज्यादातर लोग सजा के खिलाफ हैं।
इस मामलें में दत्त परिवार से करीब का नाता रखने वाले अमिताभ बच्चन इस मामले में खामोश ही रहे। वह इस बारे में बात करने से भी बचे हैं।
अमिताभ की पत्नी जया बच्चन ने संजय दत्त को माफी देने की अपील की, लेकिन अमिताभ तब भी चुप ही रहे। मुंबई में एक पत्रिका के विमोचन पर पहुंचे अमिताभ, संजय दत्त पर कुछ भी कहने से बचते आए हैं।
जब पत्रकारों ने उन पर इस विषय पर प्रतिक्रिया देने के लिए जोर दिया तो अमिताभ ने सिर्फ इतना कहा कि इस मसले पर मीडिया में बहुत कुछ कहा जा चुका है। मेरे ख्याल से उन्हें इस समय अकेला छोड़ दिया जाए।
इस मामले पर अमिताभ की प्रतिक्रिया पर फिल्म इंडस्ट्री अलग-अलग फलसफे निकाल रही है। कुछ का मानना है कि अमिताभ बच्चन, संजय दत्त की सजा के पक्ष में हैं।
चूंकि उनकी उनकी पत्नी जया बच्चन इस मसले पर सजा के खिलाफ हैं इसलिए अमिताभ चुप रहने में ही अपनी भलाई समझ रहे हैं।