सिने मजदूरों और कलाकारों के किए काम का भुगतान ना किए जाने पर अमर उजाला की लगातार की गई रिपोर्टिंग और पड़ताल का सीधा असर देखने को मिला है। इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने अपने सदस्य फिल्म और टीवी के निर्माताओं को एक खुला पत्र लिखकर अपने यहां काम करने वाले सभी मजदूरों, तकनीशियनों और कलाकारों के बकाए का भुगतान जल्द से जल्द करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा है कि उनके यहां काम करने वाले सभी कर्मचारियों और कलाकारों की देखभाल करना उनका धर्म है।
यूनियन ने अपने पत्र में अपने सदस्यों से साफ तौर पर कहा है कि कर्मचारियों और कलाकारों के काम का बकाया भुगतान ना मिल पाना लॉकडाउन के ऐसे समय में बहुत गंभीर घटना है। पत्र में आगे लिखा गया है, 'हम जानते हैं कि हमारे निर्माता सदस्य भी इस समय बहुत परेशानियों से गुजर रहे हैं लेकिन मानवता के तौर पर हमारी सभी सदस्यों से गुजारिश है कि वह अपने सभी कर्मचारियों, कलाकारों और तकनीशियनों के बकाए का भुगतान जल्द से जल्द कर दें। इस मुश्किल भरे वक्त में उन लोगों को अपनी रोजमर्रा की चीजों के लिए पैसे की बहुत ज्यादा जरुरत है। कृपया उनका मेहनताना जल्द से जल्द दे दें जिससे कि वह भी अपनी जिंदगी इस मुश्किल वक्त में इज्जत से जी सकें।'
यूनियन की तरफ से यह एक्शन तब लिया गया है जब अमर उजाला ने टीवी के कुछ कलाकारों और मजदूरों के काम करने के बाद पैसा न मिलने की समस्याओं को सुनकर जगजाहिर किया। टीवी धारावाहिक 'हमारी बहू सिल्क' के कलाकार और तकनीशियन पिछले साल से पैसा न मिलने की समस्या से जूझ रहे हैं। लॉकडाउन के इस कठिन समय में सभी काम बंद हो जाने के बाद उनके सब्र का बांध टूटा और उन्होंने अपनी व्यथा अमर उजाला को सुनाई। इसके अलावा भी अमर उजाला ने फिल्म जगत के सामने पहले लॉकडाउन के समय से बनी दिक्कतों पर लगातार ग्राउंड रिपोर्टिंग की।
अमिताभ बच्चन-दिलीप कुमार के साथ काम कर चुका ये अभिनेता हो गया पाई-पाई का मोहताज, हालत देख आ जाएगा रोना