आलिया भट्ट और वरुण धवन की फिल्म 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' ने आखिरकार वो मुकाम हासिल कर लिया है जो उनकी अभी तक की फिल्में नहीं कर पाई थीं। फिल्म अपने दूसरे हफ्ते भी अच्छी कमाई करते हुए 100 करोड़ी क्लब में शामिल हो गई है।
अपने पहले ही वीकेंड से फिल्म अच्छी कमाई कर रही है। यह दोनों की साथ में पहली फिल्म है जिसने 100 करोड़ की कमाई की है। रिलीज वाले दिन फिल्म ने 12.5 करोड़ रुपये की कमाई कर साल की सबसे बड़ी ओपनर बन गई थी। इसने शाहरुख खान की 'रईस' और अक्षय कुमार की 'जॉली एलएलबी' को भी पीछे छोड़ दिया है।
फिल्म ने अपने दूसरे हफ्ते में 25 करोड़ रुपये की कमाई की। 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' 10 मार्च को रिलीज हुई थी और 14 दिनों के अंदर ही इसने 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। इस दौरान 'ट्रैप्ड' और 'मशीन' भी रिलीज हुई लेकिन आलिया-वरुण की जोड़ी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही।