विद्या बालन की आने वाली फिल्म 'बेगम जान' के ट्रेलर को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। अब तक इसे करोड़ों लोग देख चुके हैं। अब फिल्म का पहला गाना भी रिलीज कर दिया गया है। गाने का नाम है 'प्रेम में तोहरे'।
इस गाने से आशा भोसले सिंगिंग में वापसी कर रही हैं। आशा भोसले ने काफी समय से बॉलीवुड फिल्मों में अपनी आवाज नहीं दी है। फिल्म का संगीत अनु मलिक ने दिया है और कौसर मुनीर ने इस गाने को लिखा है।
आशा भोसले ने गाना इतने सुरीले अंदाज में गाया है कि उनकी आवाज आपके दिल को छू लेगी। गाना 'बेगम जान' फिल्म की परछाई सी लगती है। इसमें खुशियां भी हैं और गम भी। त्योहार भी मनाए गए हैं और तकलीफें भी बांटी गई हैं। कौसर मुनीर के बोल गाने को और खूबसूरत बना रहे हैं। रीमिक्स के दौर में अनु मलिक, आशा भोसले और कौसर मुनीर की जुगलबंदी बड़ी सुरीली साबित हुई है।