विवादों के बाद एआईबी के आयोजकों ने अपने कॉमेडी शो एआईबी नॉकआउट का वीडियो यू-ट्यूब से हटा लिया है। इन वीडियोज में बॉलीवुड के बड़े स्टार्स गाली-गलौज और फूहड़ भाषा में बात करते दिखते हैं।
कई संगठनों की ओर से 'एआईबी नॉकआउट' कार्यक्रम में सिनेस्टार्स द्वारा की गई अश्लील टिप्पणियों पर आपत्ति जताए जाने के बाद महाराष्ट्र सरकार ने इसे गंभीरता से लिया था। राज्य सरकार इस शो की जांच भी करा रही है।
'एआईबी नॉकआउट' अपनी तरह का पहला शो
'एआईबी नॉकआउट' भारत में अपनी तरह का पहला शो है जिसमें बॉलीवुड स्टार्स अर्जुन कपूर, रणवीर सिंह व करण जौहर को अभद्र भाषा बोलते सुना जा सकता है। वहीं इसमें दीपिका पादुकोन जैसी हीरोइन भी दिखती हैं।
हाल ही में सेंसर बोर्ड के सदस्य बनाए गए फिल्मकार अशोक पंडित ने कॉमेडी शो को ‘मंच पर अश्लील शो की प्रस्तुति’ जैसा बताया है और करण के खिलाफ टिप्पणी की है। उन्होंने ट्वीट कर यह भी कहा कि वह महाराष्ट्र सरकार की जांच का समर्थन करते हैं।
मंजूरी की जांच करेगी महाराष्ट्र सरकार
यू-ट्यूब पर रिलीज के बाद हटा लिए गए इन वीडियोज में बॉलीवुड स्टार्स बेहद अश्लील अंदाज में बातें करते दिख रहे थे। इसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को शो के मामले में जांच कराने की घोषणा की थी।
मंगलवार को कहा कि वह केवल यह पता लगाएगी कि ‘एआईबी रोस्ट’ के लिए उचित मंजूरी प्राप्त की गयी थी या नहीं। महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री विनोद तावडे ने कहा कि राज्य सरकार कोई ‘मोरल पुलिसिंग’ नहीं करना चाहती।