फिल्म निर्माता और निर्देशक अनुराग बसु लंबे समय से अपनी फिल्म 'लाइफ इन ए मेट्रो' के सीक्वल को लेकर चर्चा में हैं। 'लाइफ इन ए मेट्रो' को अनुराग बसु ने साल 2007 में निर्देशित किया था। 11 साल पहले आई उनकी इस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। दर्शकों के अच्छे रिस्पॉन्स के बाद अनुराग बसु ने 'लाइफ इन ए मेट्रो' के सीक्वल को बनाने का मन काफी समय से बनाया हुआ है। इसके लिए वह लंबे समय से बॉलीवुड के कई कलाकारों से बात भी कर रहे हैं। इस बीच फिल्म से जुड़े एक और कलाकार का खुलासा हो गया है।
मीडिया में चल रही खबरों की मानें तो 'लाइफ इन ए मेट्रो' के सीक्वल के लिए अनुराग बसु ने हाल ही में 'आशिकी 2' के एक्टर आदित्य रॉय कपूर से बात की है। बताया जा रहा है कि अनुराग ने आदित्य से मिलने के बाद उन्हें फिल्म की कहानी सुनाई जिसे सुनने के बाद आदित्य ने 'लाइफ इन ए मेट्रो' के सीक्वल में काम करने के लिए हरी झंडी दे दी है। अगर सब कुछ ठीक रहा है तो 'लाइफ इन ए मेट्रो' के सीक्वल में आदित्य से साथ दंगल गर्ल फातिमा सना शेख या फिर अभिनेत्री तापसी पन्नू नजर आ सकती हैं।
इस फिल्म के अलावा आदित्य रॉय कपूर इन दिनों कई फिल्मों को लेकर भी चर्चा में हैं। इस समय वह फिल्म 'कलंक' और 'सड़क 2' की शूटिंग में व्यस्त हैं। वहीं बात करें 'लाइफ इन ए मेट्रो' के सीक्वल की तो इसमें सोनाक्षी सिन्हा ,सैफ अली खान, अभिषेक बच्चन और राजकुमार राव जैसे कलाकार नजर आएंगे। आपको बता दें कि 'लाइफ इन ए मेट्रो' में शरमन जोशी, कंगना रानाउत, इरफान खान, कोंकणा सेन, शिल्पा शेट्टी, साइनी अहूजा व केके मेनन जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में थे।