18 अगस्त 2000 को अभिषेक बच्चन के करियर की दूसरी फिल्म ‘तेरा जादू चल गया’ रिलीज हुई थी। दक्षिण की हीरोइन कीर्ति रेड्डी को लेकर बनी इस फिल्म के निर्देशक ए मुथु थे जिन्होंने इस फिल्म से फिल्म निर्देशन में डेब्यू किया। फिल्म के निर्माता वाशू भगनानी ने मुथु की वीडियो एडीटिंग से प्रभावित होकर उन्हें निर्देशन का मौका देने का फैसला किया था। हालांकि, ये फैसला सही साबित नहीं हुआ और फिल्म पहले ही हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई। जानकारी के मुताबिक 18 अगस्त को ही अभिषेक बच्चन ने अपने करियर की सेकेंड इनिंग्स का एक बड़ा कदम उठाया है।
अभिषेक बच्चन ने अनुराग कश्यप की फिल्म ‘मनमर्जियां’ से अपने करियर की सेकंड इनिंग्स शुरू की है। उनको समझ में आ गया है कि लोग उनकी अदाकारी को पसंद करती हैं और उन्हें इसके लिए स्टारडम का मोह छोड़ना होगा। अभिषेक की अदाकारी को लोगों ने इसके बाद ‘लूडो’ और ‘द बिग बुल’ में भी पसंद किया है। 45 साल के हो चुके अभिषेक अब बहुत चुनिंदा फिल्में ही कर रहे हैं और ऐसी फिल्में कर रहे हैं जिनमें ग्लैमर हो न हो पर बतौर अभिनेता उनके लिए कुछ करने को जरूर हो। उनकी आने वाली कम से कम दो हिंदी फिल्में ‘बॉब बिस्वास’ और ‘दसवीं’ इसी तरह की फिल्में हैं।
अब, अभिषेक बच्चन ने दक्षिण भारतीय फिल्मों की तरफ भी नजर घुमानी शुरू की है। उनकी नजरें अरसे से एक तमिल थ्रिलर ‘ओथ्था सेरुप्पु साइज 7’ पर टिकी रही हैं। फिल्म को दक्षिण में काफी वाहवाही मिली और बॉक्स ऑफिस पर इसने कारोबार भी अच्छा किया है। 2019 के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में भी इसका जिक्र है। अभिषेक ने फिल्म के राइट्स अपनी कंपनी के नाम से खरीदे हैं, ऐसी जानकारी भी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक अभिषेक इस फिल्म के हिंदी रीमेक में अभिनय भी करेंगे और इसको प्रोड्यूस भी करेंगे। फिल्म का निर्देशन उन्होंने मूल फिल्म के निर्देशक को ही सौंपा है।