बॉलीवुड सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य पिछले कुछ दिनों से विवादों में घिरते जा रहे हैं। कुछ दिनों पहले अभिजीत ने जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय की छात्रा और पूर्व जेएनयू छात्रसंघ उपाध्यक्ष शेहला राशिद पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी जिसके बाद उनका ट्विटर अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया।
इसके बाद उन्होंने फिर से अपना नया अकाउंट बनाया और इसे भी 24 घंटे से पहले ही सस्पेंड कर दिया गया। उनके समर्थन में सिंगर सोनू निगम ने भी अपना ट्विटर अकाउंट डिलीट कर दिया था। न्यूज पोर्टल आजतक से बात करते हुए अभिजीत ने सोनू से अपील की अगर वो चाहें तो दोबारा ट्विटर पर आ सकते हैं।
इसके बाद उनसे ये भी पूछा गया कि उन्होंने ट्विटर पर वापसी क्यों की तो इस पर उन्होंने कहा कि उनके नाम से कई लोग फर्जी अकाउंट बनाकर फैंस को गुमराह कर रहे थे जिस वजह से उन्हें नया ट्विटर अकाउंट बनाना पड़ा।
अपने नए ट्विटर अकाउंट में अभिजीत ने राष्ट्रविरोधी लोगों के खिलाफ एक वीडियो जारी किया था। अभिजीत ने वीडियो क्लिप में कहा था, ‘यह मेरा नया ट्विटर अकाउंट है और जब तक मेरा वेरीफाइड ट्विटर अकाउंट सक्रिय नहीं हो जाता तब तक आप लोग मुझसे इस अकाउंट के माध्यम से जुड़ सकते हैं। मेरे नाम से बने अन्य अकाउंट फर्जी हैं जो कि मेरी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन इसे भी बाद में सस्पेंड कर दिया गया।’