आमिर अपने अंदाज की फिल्में करने में माहिर हैं। फिर चाहे उन्हें अपने पसंदीदा किरदार और पसंदीदा फिल्म के लिए किसी भी तरह का त्याग क्यों न करना हो। खासतौर से फिल्म '3 इडियट्स' में काम करने के बाद आमिर निर्देशक राजकुमार हिरानी के फैन हो गये हैं।
यही वजह थी कि उन्होंने फिल्म 'पीके' साइन की। आमिर खान की प्रतिबद्घता इस बात से दिख रही है कि वह इस फिल्म की शूटिंग बिना कोई नखरे उठाए बहुत कम सुविधाओं के साथ कर रहे हैं। दरअसल, फिल्म के निर्देशक राज कुमार हिरानी इन दिनों राजस्थान के एक ऐसे गांव में 'पीके' की शूटिंग कर रहे हैं जो काफी सुदूर इलाका है और वहां कोई भी होटल नहीं है।
ऐसे में राजू को यह बात समझ नहीं आ रही थी कि वह कैसे आमिर से यह बात कहें। आमिर को जब पता चला कि सिर्फ उनके लिए होटल में ठहरने की व्यवस्था न होने की वजह से राजू परेशान हैं तो उन्होंने राजू की परेशानी दूर करते हुए कहा कि वह राजू के लिए कुछ भी करेंगे। उन्हें कोई दिक्कत नहीं। वे अपनी वैनिटी वैन में ही रह लेंगे।
आमिर के ही कहने पर अनुष्का भी तैयार हो गयीं। इस बात से राजू काफी खुश हुए। आमिर ने इससे पहले कभी ऐसा नहीं किया था। 'लगान' भी गांव की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म थी। फिर भी वहां होटल की व्यवस्था की गयी थी। इस बार आमिर ने सच में बड़ा त्याग किया है।