बॉलीवुड अभिनेता आमिर ख़ान के चर्चित टीवी कार्यक्रम 'सत्यमेव जयते' ने भारत में बहुत नाम कमाया पर अब इस कार्यक्रम को सात समंदर पार भी ख्याति मिल रही है।
इस टीवी शो के लिए आमिर को एक प्रतिष्ठित अमरीकी अवार्ड के लिए चुना गया है। उनके साथ ऑस्कर विजेता महिला निर्देशक कैथरीन बिग्लो को भी इस अवार्ड के लिए चुना गया है।
आमिर को यह अवार्ड 28 अक्तूबर को वाशिंगटन डीसी में दिया जाएगा। इससे पहले प्रतिष्ठित 'टाइम' मैगज़ीन ने आमिर को विश्व के सौ सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में शामिल किया था।
ये तो हुई विदेश में आमिर की धूम की पर भारत में वे इन दिनों फ़िल्म 'धूम 3' के प्रोमो की ख़ूब चर्चा हो रही है।
दर्शको और फ़िल्म इंडस्ट्री से जुड़े सभी लोगो को उम्मीद है कि 'धूम 3' फ़िल्म 'चेन्नई एक्सप्रेस' के सारे रिकॉर्ड तोड़ सकती है, लेकिन ख़ुद आमिर ख़ान का मानना है कि वो किसी का रिकॉर्ड तोड़ने के बारे में नहीं सोचते और किसी का रिकॉर्ड तोड़ने में उन्हें कोई दिलचस्पी भी नहीं है।
आमिर के अनुसार ''एक एक्टर के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह नहीं होती कि उसने बॉक्स ऑफ़िस पर कितने पैसे कमाए, चुनौती तो यह है कि दर्शको को फ़िल्म कितनी पसंद आई।''
आमिर ख़ान कहते हैं कि,''मैं बॉक्स ऑफ़िस का कलेक्शन नहीं, दर्शकों का प्यार पाना चाहता हूँ, मैं उनके प्यार का प्यासा हूँ। मैं कुछ ऐसा करना चाहता हूँ जो इससे पहले मैंने कभी नहीं किया। मैं अपने काम से दर्शकों को सरप्राइज़ करना चाहता हूँ।"
आमिर ख़ान 'धूम 3' में एक नेगेटिव किरदार में दिखेंगे। आमिर ख़ान हाल ही में मुंबई पहुँचे हैं। एक ख़ास तरह का डांस सिखने के लिए काफ़ी हफ्तों से वो ऑस्ट्रेलिया में थे।