महंगे और सुविधाजन होटलों में रूकने के आदी हो चुके आमिर खान और संजय दत्त को जयपुर के पास एक गेस्ट हाऊस जैसे होटल में ठहरना पड़ गया। यह फैसला मजबूरी में लिया गया क्योंकि वहां पर उस होटल से बेहतर और कोई रुकने की जगह नहीं थी।
यह वाकया राजकुमार हिरानी निर्देशित फिल्म 'पीके' का है। इस फिल्म की शूटिंग राजस्थान की अलग-अलग जगहों पर हो रही है। पिछले दिनों फिल्म की शूटिंग जयपुर से कुछ दूरी पर हो रही थी। वहां से रोज जयपुर अप-डाऊन नहीं किया जा सकता इसलिए कलाकारों को उसी मांडवा गांव के पास स्थित होटल में ठहरना पड़ा। उस कस्बाई होटल का स्तर गेस्ट हाऊस जैसा रहा।
इन दोनों सुपरस्टार ने यहां ठहरने में कोई आपत्ति व्यक्त नहीं की। क्योंकि यह दोनों ही राजकुमार हिरानी की विवशता को समझ रहे थे। उधर इस होटल के मालिक ने इस बात का पूरा प्रबंध किया कि इन कलाकारों को होटल में रहने में कोई दिक्कत न हो।