गायत्री और पुष्कर विक्रम वेधा को हिंदी में माधवन और शाहरुख खान के साथ बनाना चाहते रहे हैं। इस बारे में माधवन और शाहरुख की आपस में लंबी बातचीत भी हुई लेकिन नीरज पांडे इस हिंदी में अपने हिसाब से बनाना चाह रहे थे। माधवन और शाहरुख की जोड़ी पर नीरज का वीटो लगने के बाद से ही ये फिल्म अधर में लटकी है। गायत्री और पुष्कर को उन्होंने फिल्म की हिंदी पटकथा और फिल्म की कास्टिंग से भी अलग कर रखा है। पिछले साल नीरज ने विक्रम वेधा के हिंदी रीमेक की पटकथा तैयार करने के बाद इसे कई सितारों को सुनाया था। इस साल के मध्य में आमिर खान ने भी ये पटकथा सुनी और इसके लिए हामी भर दी।
विक्रम वेधा में आमिर के विलेन का किरदार करने के लिए हां करने के बाद ये फिल्म एकाएक फिर से चर्चा में आई लेकिन फिल्म के हीरो के तौर पर कोई बड़ा हीरो काम करने को तैयार नहीं हुआ। फिल्म लाल कप्तान की रिलीज से पहले सैफ अली खान के इस फिल्म में शामिल होने की बात सामने आई लेकिन लाल कप्तान के फ्लॉप होते ही ये फिल्म फिर से ठंडे बस्ते में है। आमिर खान के करीबी सूत्रों की मानें तो वह अपनी निर्माणाधीन फिल्म लाल सिंह चड्ढा की शूटिंग पूरी होने के बाद विक्रम वेधा शुरू नहीं कर रहे हैं।