थिएटर के एक नाटक 'यूरिपिड्स मेडिया' से निर्देशन में अपने करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेता आमिर खान की बेटी इरा खान ने अब रीमा कागती का हाथ थामा है। खबर है कि वे रीमा कागती की अगली फिल्म 'फालेन' में सहायक निर्देशक बनकर काम कर रही हैं। इस फिल्म का पहला शेड्यूल राजस्थान की पृष्ठभूमि पर फरवरी और मार्च के महीने में फिल्माया जा चुका है।
दुनिया में फैले कोरोना वायरस की वजह से इस फिल्म की शूटिंग भी सभी फिल्मों की शूटिंग की तरह रुक गई है। 21 दिन के घोषित लॉकडाउन के खत्म होने के बाद इस फिल्म की शूटिंग फिर से शुरू होगी। आमिर खान को फिल्म तलाश में निर्देशित कर चुकीं रीमा कागती इन दिनों फिल्म 'फालेन' का निर्देशन कर रही हैं, जिसकी मुख्य भूमिकाओं में कलाकार गुलशन देवैया, विजय वर्मा, सोनाक्षी सिन्हा, सोहम शाह आदि हैं।
Reema Kagti
- फोटो : amar ujala mumbai
यह फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज की जाएगी। इरा इस फिल्म से शुरुआत से ही एक सहायक निर्देशक के रूप में जुड़ी हुई हैं। हिंदी सिनेमा के ज्यादातर स्टार किड फिल्मों में अभिनय का रास्ता चुनते हैं, लेकिन आमिर खान की बेटी इरा ने निर्देशन का रास्ता अख्तियार किया।
शुरुआत में ही आमिर खान ने अपने बच्चों की किसी भी प्रकार की मदद हिंदी सिनेमा में करने से मना कर दिया था। वह चाहते थे कि उनके बच्चे खुद अपने दम पर अपना करियर बनाएं।
ira khan
- फोटो : social media
जब इरा ने निर्देशन में अपने करियर की शुरुआत की, तब आमिर खान ने कहा था कि वे बहुत खुश हैं कि उनके बच्चे जो करना चाहते हैं वह खुद कर रहे हैं। और इससे भी ज्यादा खुशी की बात यह है, कि वे अपने दम पर कर रहे हैं।
वे आमिर की कोई भी मदद नहीं ले रहे हैं। रीमा कागती ने हाल ही में अमेजन प्राइम वीडियो पर मेड इन हैवन नाम की वेब सीरीज का भी निर्देशन किया है।