दुनिया में फैले कोरोना वायरस की वजह से भारत में टीवी और फिल्मों के प्रसारण पर भारी असर पड़ा है। टीवी पर चलने वाले रियलिटी शो भी इसका शिकार होकर बंद हो चुके हैं। लेकिन कुछ शो अभी भी ऐसे हैं जिनका एपिसोड बैंक अभी भी चैनल के पास मौजूद है। उन्हीं शोज में से एक है टीवी का रियलिटी शो 'प्रो म्यूजिक काउंटडाउन'। इस म्यूजिकल रियलिटी शो में इस हफ्ते पंजाब के मशहूर गायक गुरु रंधावा शिरकत करेंगे। इस शो में वे अपनी जिंदगी से जुड़े कुछ अनसुने किस्सों को साझा करेंगे, साथ ही अपने सुपरहिट गीतों को गाकर दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
पंजाबी गायिकी को वैश्विक स्तर पर मशहूर करने वाले युवा गायक गुरु रंधावा अपने सीनियर गायक मीका सिंह की बहुत इज्जत करते हैं। गुरु के गाए गीत आजकल हर वर्ग के श्रोताओं की पसंद बने हुए हैं। यूट्यूब पर उनके लगभग हर रिलीज हो चुके गाने को 100 मिलियन से भी ज्यादा लोग देख चुके हैं। टीवी के चैट शो 'प्रो म्यूजि़क काउंटडाउन' में शो के होस्ट सिद्धार्थ कन्नन से गुरु ने संगीत जगत में अपने सफर के बारे में खुलकर बातें कीं, और ये भी बताया कि वे अपने सीनियर गायक मीका सिंह से बहुत प्रभावित हैं।