आमिर खान ने हमेशा ही अपना जन्मदिन अपने परिवार के साथ मुंबई में मनाया है लेकिन इस साल ऐसा नहीं होगा। सालों बाद अपने जन्मदिन पर आमिर अपने घर से दूर स्विट्ज़रलैंड में शूटिंग करेंगे। 15 मार्च को आमिर का जन्मदिन है।
अपने जन्मदिन के दिन आमिर खान अपनी आने वाली फिल्म 'धूम 3' की शूटिंग के लिए स्विट्ज़रलैंड में होंगे। आमिर ने हाल ही में पी.के का पहला शेड्यूल खत्म किया। इस फिल्म की शूटिंग राजस्थान में हो रही थी। अब वह 'धूम 3' के शूट के लिए स्विट्ज़रलैंड निकल गए।
इस फिल्म के शूटिंग शेड्यूल में उनके साथ कैटरीना कैफ, अभिषेक बच्चन और उदय चोपड़ा के भी वहां रहने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार इस शूटिंग शेड्यूल में फिल्म का क्लाइमेक्स शूट किया जाएगा।
सुनने में आ रहा है कि 'धूम 3' की टीम ने आमिर के जन्मदिन के लिए ख़ासा इंतज़ाम कर रखा है और उनके लिए एक सरप्राइज पार्टी भी आयोजित की जाएगी। इस पार्टी में कौन-कौन होगा यह साफ नहीं है।