बॉलीवुड के मि. परफेक्शनिस्ट आमिर खान और दिग्गज क्रिकेटर कपिलदेव को 24 अप्रैल को 75वें मास्टर दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। आमिर खान को उनकी फिल्म ‘दंगल’ और कपिल देव को क्रिकेट के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है।
इन दोनों हस्तियों के अलावा बीते जमाने की बेहतरीन अभिनेत्री वैजयंतीमाला बाली भी इस पुरस्कार से सम्मानित होने वालों की लिस्ट में शामिल है। उन्हें हिन्दी सिनेमा में उनकी उपलब्धियों के लिए मास्टर दीनानाथ मंगेशकर विशेष सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
बता दें कि इस समारोह के आयोजक मास्टर दीनानाथ स्मृति प्रतिष्ठान और हृदयेश आर्ट्स हैं। मुंबई के षड्मुखानंद हाल में आयोजित समारोह में ये पुरस्कार 24 अप्रैल को दिए जाएंगे।
दरअसल मास्टर दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करने वालों को दिया जाता हैं। इस मौके पर समाज सेवा, साहित्य, नाटक और संगीत आदि के क्षेत्र में भी लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
किशोर देशपांडे को सोशल सर्विस के लिए आनंदमयी पुरस्कार , विश्वनाथ कराड को समर्पित जीवन पुरस्कार , विजया राजाध्यक्षा को साहित्य में योगदान के लिए वागविलासिनी पुरस्कार, शिक्षा के लिए डाक्टर उदय निर्गुड़कर और म्यूज़िक के लिए कौशिकी चक्रवर्ती , रंगमंच के लिए मोहन वाघ और सुनील बर्वे को मास्टर दीनानाथ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
इस मौके पर कई बेहतरीन संगीतकार और गायक म्यूजिकल ट्रिब्यूट भी देंगे। बता दें फिलहाल आमिर खान चीन में हैं, जहां उनकी फिल्म 'दंगल' 5 मई रिलीज होने वाली है। आमिर खान ने इस बार बीजिंग फिल्म फेस्टिवल में भी हिस्सा लिया।
ये भी पढ़े- रजनीकांत के दामाद धनुष को राहत, फर्जी निकला बेटा बताने वाला दंपत्ति