'वंस अपॉन अ टाइम इन मुंबई' और 'द डर्टी पिक्चर' जैसी फिल्मों के लिए याद किए जाने वाले निर्देशक मिलन लुथरिया ने एक बार फिर असल जिंदगी की घटना से प्रेरित होकर फिल्म बनाने का फैसला किया है। वह नोएडा में हुए आरुषि हत्याकांड पर फिल्म बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
2008 में हुआ आरुषि की हत्या देश की सबसे बड़ी मर्डर मिस्ट्री है। मिलन का कहना है कि यह हत्याकांड फिल्म के लिहाज से बहुत ही रोचक विषय है, जिस पर पिछले पांच साल से पूरे देश और मीडिया की नजरें हैं।
कोई नहीं जानता कि आखिरकार हत्या की रात क्या हुआ था? मिलन यह भी कहते हैं कि इस केस का एक पक्ष यह है कि सब आरुषि को लेकर तो संवेदना दिखाते हैं, लेकिन हेमराज को न्याय दिलाने की कोई बात नहीं करता।
लुथरिया अपनी फिल्म में इन सभी बातों को सामने लाएंगे। वैसे उनका कहना है कि वे सनसनी पैदा करने के मकसद से फिल्म नहीं बना रहे।
मिलन की मानें तो फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है। उनके साथ ‘द डर्टी पिक्चर’ लिखने वाले रजत अरोड़ा आरुषि की कहानी भी लिख रहे हैं। फिल्म की शूटिंग अगले साल शुरू होगी। लेकिन फिल्म में आरुषि, हेमराज और तलवार दंपति की भूमिकाएं कौन निभाएगा, यह फैसला साल के अंत तक ले लिया जाएगा।