इस बीच फिल्म इंडस्ट्री में एक व्हाट्सएप मैसेज को लेकर बवाल मचा हुआ है। इस संदेश में कहा गया है कि अगर फिल्मों, टीवी सीरियल व वेब सीरीज की दोबारा शूटिंग शुरू होने पर किसी कर्मचारी की कोरोना से मृत्यु होती है तो संबंधित निर्माता को इसके एवज में 50 लाख रुपये संबंधित कर्मचारी के परिवार को देने होंगे। ये संदेश फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लाइज की तरफ से भेजा गया बताया जा रहा है। इस बारे में इम्पा के सचिव अनिल नागरथ ने पड़ताल की और सीधे फेडरेशन के महासचिव अशोक दुबे से बात भी की।
इम्पा के अध्यक्ष टी पी अग्रवाल की तरफ से जारी लिखित बयान में अनिल नागरथ लिखते हैं, “दुबे ने ऐसे किसी फैसले या निर्देश संबंधी सूचना की खबरें निराधार और असत्य बताया है।” नागरथ कहते हैं कि शूटिंग के बारे में मानक संचलन प्रक्रिया (एसओपी) सभी निर्माता संगठनों से बातचीत और उनकी सहमति के बाद ही बनाई जा सकती है। इम्पा ने सभी निर्माताओं से अपील भी की है कि वे इस तरह की अफवाहों को लेकर सतर्क रहें।