फिल्म दुनिया के सबसे मुश्किल कॉम्पिटिटिव एग्जाम यूपीएससी के लिए ट्राई करने वाले लाखों छात्रों की सच्ची कहानियों से प्रेरित है। 12वीं फेल की कहानी दिल्ली के मुखर्जी नगर से शुरू होती है, जहां हजारों बच्चे आईएएस और पीसीएस की तैयारी करते हुए नजर आते हैं। ये फिल्म उन सभी लोगों के लिए एक ट्रिब्यूट है, जो असफलताओं के बाद भी आगे बढ़ने का जज्बा रखते हैं और कभी हार नहीं मानते। 12वीं फेल के टीजर को गदर 2 के साथ शुक्रवार से सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा।
12वीं फेल, अनुराग पाठक की लिखी इसी नाम के सबसे ज्यादा बिकने वाले नॉवेल पर बेस्ड है, जो आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा और आईआरएस अधिकारी श्रद्धा जोशी की शानदार सफर के बारे में है। फिल्म को रियल लोकेशन पर असल छात्रों के साथ फिल्माया गया है। फिल्म में यूपीएससी की तैयारी करने वाले छात्रों की जिंदगी, उनके धैर्य, मेहनत, कभी ना हार मानने वाले एटीट्यूड और कभी ना खत्म होने वाली दोस्ती की एक झलक देखने को मिलेगी।
तो वहीं, अभिनेता विक्रांत मेस्सी ने '12वीं फेल' का टीजर साझा करते हुए लिखा, 'जबान चलाना शुरू कहां की अब तक- चंबल का हूं, समझा? 12वीं फेल का अनुभव, अनुराग पाठक की बेस्टसेलर से प्रेरित। UPSC छात्रों के जीवन और संघर्ष को दिखाती एक फिल्म। सच्ची कहानी पर आधारित, वास्तविक छात्रों के साथ वास्तविक स्थानों पर फिल्माई गई, धैर्य, अखंडता और दृढ़ संकल्प की यह गाथा दस लाख भारतीयों की सच्चाई को दर्शाती है।' बता दें कि, फिल्म 27 अक्टूबर 2023 को दुनियाभर के थिएटर्स में रिलीज की जाएगी। फिल्म को हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु और मलयालम में भी रिलीज किया जाएगा। 12वीं फेल में विक्रांत मेसी लीड रोल निभा रहे हैं।