निर्माता-निर्देशक और अभिनेता फरहान अख्तर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘120 बहादुर’ को लेकर चर्चाओं में बने हुए हैं। '120 बहादुर' की कहानी 1962 की भारत-चाइना युद्ध के दौरान रेजांग ला की असली बहादुरी से जुड़ी हुई है। हाल ही में फिल्म का टीजर जारी किया गया है। इस टीजर में दिखाया गया है कि कैसे 120 भारतीय सैनिक हजारों दुश्मनों के सामने मजबूती से खड़े रहे और इतिहास बना दिया। ‘120 बहादुर’ 21 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में फरहान अख्तर प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे। ‘120 बहादुर’ से पहले भी कई बॉलीवुड फिल्मों में भारत-चाइना युद्ध की कहानी को दिखाया गया है। जानते हैं इस लिस्ट में कौन-कौनसी फिल्में शामिल हैं।
पलटन
जेपी दत्ता द्वारा निर्देशित ‘पलटन’ एक सच्ची घटना पर आधारित फिल्म है। साल 1962 में भारत चीन से युद्ध हार गया था। उस युद्ध के बाद ठीक पांच साल बाद चीन की सेना ने एक बार फिर से भारतीय सेना पर हमला कर दिया था। दरअसल, उस वक्त भारतीय सेना नाथू ला से सेबू ला (सिक्किम) तक फेंसिंग कर रही थी और चीनी सेना ये नहीं चाहती थी।
चीनी सेना ने एक बार फिर से उसी जीत को याद करते हुए आक्रमण कर दिया था। भारतीय जवानों ने मोर्चा संभाला और चीन के सैनियों का हौसला पस्त कर दिया। किस तरह भारतीय जवानों ने अपने देश के लिए युद्ध किया, किस तरह चीन के सैनिकों को मुंहतोड़ जवाब दिया, ‘पलटन’ में इसी कहानी को दिखाया गया है।
72 हॉवर्स: मार्टियर हू नेवर डाइड
‘72 हॉवर्स मार्टियर हू नेवर डाइड’ सच्ची घटना पर आधारित फिल्म है। इसमें राइफलमैन जसवंत सिंह रावत की कहानी को दिखाया गया है। जसवंत सिंह रावत ने 1962 में हुए इंडो-चाइना वॉर में मुश्किल हालातों के बीच दुश्मनों को मौत के घाट उतारा था। फिल्म जसवंत सिंह रावत की वीरता को दिखाती है।
1962: द वॉर इन द हिल्स
‘1962: द वॉर इन द हिल्स’ एक वेब सीरीज है, जिसका निर्देशन महेश मांजरेकर ने किया है। सीरीज में भारत-चाइना के बीच के युद्ध की कहानी को दिखाया गया है। इसमें जवानों की जांबाजी के साथ-साथ उनकी निजी जिंदगी में चल रही उथल-पुथल को भी बखूबी दिखाया गया है। 10 एपिसोड की इस सीरीज अभय देओल, सुमित व्यास और माही गिल प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं। यह सीरीज जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध है।