'बिग बॉस ओटीटी 3' में इस बार 16 कंटेस्टेंट्स की एंट्री हुई है। इनमें कई सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स हैं। अभिनेता रणवीर शोरी भी शो का हिस्सा हैं। उनके अलावा पत्रकार दीपक चौरसिया को भी शो में शामिल किया गया है। शो के दौरान देखा गया है कि दीपक और अरमान मलिक की कई बार बहस भी हुई है। बिग बॉस ओटीटी हमेशा से ही चर्चा में रहा है। अब इसका तीसरा सीजन भी काफी सुर्खियों में है। पहले तो फैंस को तब झटका लगा जब शो का होस्ट बदल दिया गया। इस बार सलमान खान की जगह अनिल कपूर शो को होस्ट कर रहे हैं। इसके बाद शो के प्रतिभागी की एंट्री का वक्त आया तो शो में अपनी दो पत्नियों के साथ पहुंचे अरमान मलिक। अरमान मलिक को देखकर दर्शक हैरान रह गए। कई लोग शो में दो पत्नियों के साथ अरमान मलिक के शामिल होने पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। अब इस मामले में उर्फी जावेद ने अपनी राय सोशल मीडिया पर साझा की है।
उर्फी का पोस्ट
सोशल मीडिया सेंसेशन और अपने अतरंगी स्टाइल के लिए प्रसिद्ध उर्फी जावेद ने अरमान मलिक के समर्थन में अपनी आवाज उठाई है। उर्फी ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अरमान मलिकी की एक तस्वीर लगाई है। तस्वीर में अरमान अपनी दोनों पत्नियों कृतिका मलिक और पायल मलिक के साथ नजर आ रहे हैं। पोस्ट में उर्फी जावेद ने लिखा, ''मैं इस परिवार को पिछले कुछ वक्त से जानती हूं और मैं यह बात दावे के साथ कह सकती हूं कि मैं अब तक जितने लोगों से मिली हूं उनमें ये सबसे अच्छे लोग हैं। अगर ये तीनों खुश हैं तो हम कौन होते हैं उन्हें जज करने वाले। बहुविवाह की प्रथा कई सालों से चली आ रही है। ये कुछ धर्मों में अब भी पॉपुलर है। अगर उन तीनों को कोई दिक्कत नहीं तो हम कोई नहीं होते कुछ बोलने वाले।''
कौन हैं अरमान मलिक
अरमान मलिक यूट्यूबर हैं। उनकी दो पत्नियां हैं पायल और कृतिका। एक इंटरव्यू के दौरान अरमान की दूसरी पत्नी कृतिका ने कहा, ''साल 2016 में पायल से मेरी दोस्ती हुई थी। कुछ साल बाद, उन्होंने मुझे अपने बेटे के बर्थडे पार्टी में इनवाइट किया था। अरमान से मेरी पहली मुलाकात उसी पार्टी में हुई थी। हमारी पहली नजर मिली और हम दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया था। मानों जैसे लव एट फर्स्ट साइट। हमारी किस्मत में एक-दूसरे से इस तरह मिलना लिखा था। मुलाकात के 6-7 दिन के बाद ही हमने शादी कर ली। हमने कोर्ट मैरिज की थी।''
दो पत्नियों के साथ अरमान मलिक के शो में शामिल होने पर बीते रोज टीवी अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचर्जी ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। वो बिग बॉस पर भी भड़की नजर आई थीं। उन्होंने पोस्ट में सवाल किया था कि शो वालों की आखिर क्या मजबूरी थी जो इन्हें (अरमान मलिक) शो में रखना पड़ा।