डैनियल क्रेग की बहुप्रतिक्षित फिल्म 'वेक अप डेड मैन: ए नाइव्स आउट मिस्ट्री' को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। अभिनेता जेरेमी रेनर इस फिल्म से जुड़ गए हैं।
जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाकर मशहूर हुए अभिनेता डैनियल क्रेग अपनी नई फिल्म 'वेक अप डेड मैन: ए नाइव्स आउट मिस्ट्री' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। इस फिल्म से जुड़ा एक ताजा अपडेट सामने आया है। खबर है कि अभिनेता जेरेमी रेनर भी इस फिल्म से जुड़ गए हैं। दोनों अभिनेताओं को एक साथ देखने के लिए दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर है।
ये कलाकार आएंगे नजर
'वेक अप डेड मैन: ए नाइव्स आउट मिस्ट्री' में डैनियल क्रेग और जेरेमी रेनर के अलावा केरी वाशिंगटन, जोश ओ'कॉनर, कैली स्पैनी, ग्लेन क्लोज और एंड्रयू स्कॉट भी नजर आएंगे। डैनियल को एक बार फिर से बेनोइट ब्लैंक के किरदार में मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए देखना काफी दिलचस्प होगा। 'नाइव्स आउट' के पहले दो भाग में भी उन्होंने दर्शकों की ओर से खूब वाहवाही लूटी थी। इस फिल्म का निर्देशन रियान जॉनसन कर रहे हैं। फिल्म की कहानी भी रियान ने ही लिखी है। उन्होंने ही साल 2019 में आई 'नाइव्स आउट' और 2022 में रिलीज हुई 'ग्लास ओनियन: ए नाइव्स आउट मिस्ट्री' का निर्देशन किया था।
अगले साल रिलीज होगी फिल्म
इस फिल्म का निर्माण आर. बर्गमैन कर रहे हैं। 'नाइव्स आउट' के दोनों भाग को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। अब तीसरे पार्ट से भी भरपूर मनोरंजन और रोमांच की उम्मीद की जा रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो अगले महीने फिल्म का प्रोडक्शन शुरू हो जाएगा। 'वेक अप डेड मैन: ए नाइव्स आउट मिस्ट्री' को अगले साल नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया जाएगा।