निर्देशक बंदी सरोज कुमार, जो अपनी डिजिटल रिलीज 'मंगलयम' के लिए जाने जाते हैं, अब फिल्म 'पराक्रमम' लेकर आ रहे हैं। फिल्म 'पराक्रमम' का धांसू टीजर रिलीज हो चुका है। जो प्रशंसकों को बेहद पसंद भी आया। इस फिल्म में बंदी के अलावा, श्रुति समान्वी, मोहन सेनापति, निखिल गोपू, अनिल कुमार और नागा लक्ष्मी भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। हालांकि फिल्म में चिरंजीवी नहीं हैं, लेकिन बंदी उनके जन्मदिन के अवसर पर अपनी यह फिल्म रिलीज करना चाहते हैं। आखिर बंदी ऐसा क्यों कर रहे हैं।
फिल्म पराक्रमम
निर्देशक बंदी सरोज कुमार अपनी आगामी फिल्म 'पराक्रमम' को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। इस फिल्म में बंदी ना केवल निर्देशन करेंगे बल्कि मुख्य भूमिका में भी नजर आएंगे। इस फिल्म को बीएसके मेनस्ट्रीम के बैनर तले निर्मित किया जाएगा। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, फिल्म की रिलीज से पहले हैदराबाद में एक प्रेस मीट आयोजित की गई थी, जहां निर्माताओं ने आधिकारिक रिलीज की तारीख की घोषणा की। प्रेस मीटिंग के दौरान, बंदी सरोज कुमार ने चिरंजीवी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में अपनी फिल्म रिलीज करने का फैसला लिया है। चिरंजीवी का जन्मदिन 22 अगस्त को है। यानी की यह फिल्म अब 22 अगस्त को रिलीज होगी।
'मेरे लिए चिरंजीवी एक भावना है'
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रेस मीटिंग के दौरान बंदी ने कहा, "जब मैं चिरंजीवी के नाम के बाद 'गारू' नहीं लगाता तो लोगों को यह पसंद नहीं आता। लेकिन मुझे समझ नहीं आता। अगर आप अपनी मां को अम्मा गारू कहते हैं, तो आप बच्चे नहीं बल्कि नौकर की तरह लगेंगे। इसी तरह, मेरे लिए चिरंजीवी एक भावना है। मैं उन्हें सिर्फ चिरंजीवी कहता हूं।'' बंदी ने कहा, ''रामायण और महाभारत की तरह ही, पराक्रमम के हर किरदार का एक अपना उद्देश्य है। यह फिल्म क्रिकेट खेल के माध्यम से जातिगत विभाजन को उजागर करती है।'' मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पराक्रम की कहानी बंदी सरोज कुमार के जीवन से प्रेरित है। यह एक वर्ग संघर्ष की कहानी है।