बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री तब्बू इन दिनों अपनी आगामी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘औरों में कहां दम था’ के प्रचार प्रसार में व्यस्त हैं। इस फिल्म में उनके साथ अजय देवगन भी नजर आएंगे। उनकी यह फिल्म रिलीज के लिए पूरी तरह से तैयार है। निर्देशक नीरज पांडे के साथ फिल्म प्रचार के दौरान अभिनेत्री ने बॉलीवुड में वेतन समानता के महत्वपूर्ण मुद्दे पर अपने विचारों को खुलकर साझा किया। आइए जानते हैं उन्होंने इस मुद्दे पर क्या कहा?
वेतन समानता पर अपना रुख किया साफ
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक साक्षात्कार में अभिनेत्री तब्बू ने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारतीय फिल्म उद्योग में पुरुष और महिलाओं के वेतन अंतर को लेकर महिलाओं से अक्सर सवाल पूछे जाते हैं। बातचीत में उन्होंने कहा, ‘हर मीडियाकर्मी महिलाओं से वेतन समानता के बारे में पूछेगा। वह कहेंगे कि एक पुरुष को अधिक भुगतान किया जाता है और आपको कम भुगतान किया जाता है।’ अभिनेत्री ने आगे कहा, आप मुझसे क्यों पूछ रहे हैं? आप उस व्यक्ति से क्यों नहीं पूछते जो उन्हें अधिक भुगतान कर रहा है।’
सरेआम फैंस के साथ बदतमीजी कर चुके हैं ये सितारे
वेतन समानता पर पुरुषों से भी होना चाहिए सवाल
अभिनेत्री को लगता है कि लोग इस मुद्दे को सनसनीखेज बनाने की कोशिश करते हैं और वह बस इतना ही कह सकती हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे नफरत है कि मुझे कम भुगतान किया जा रहा है’ या ‘मुझे जो भुगतान किया जा रहा है, उससे मैं खुश हूं।’ उन्होंने आगे कहा, आप पुरुष अभिनेता से क्यों नहीं पूछते कि आपको अधिक भुगतान क्यों मिल रहा है? इससे नजरिया बदल सकता है और अगर कोई बाहरी नजरिया होगा तो पूरी बात बदल जाएगी। शारीरिकता हमेशा उस नजरिए के बारे में होती है, जिसे दिखाया जा रहा है।’ तब्बू का मानना है कि वेतन असमानता के बारे में बातचीत एक अधिक न्यायसंगत उद्योग को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण है और इसे सही लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए।
‘औरों में कहां दम था’ के लिए तब्बू मिले कितने रुपये
आगामी फिल्म ‘औरों में कहां दम था’ में अजय देवगन ‘कृष्ण’ और ‘तब्बू’ वसुधा की भूमिका निभा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अभिनेत्री को इस फिल्म के लिए तीन करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है, जबकि अजय देवगन को 25 करोड़ रुपये मिले हैं। यह फिल्म दो अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
Web Series: किताबों पर बनी हैं ये वेब सीरीज, किसी में अपराधी-पुलिस तो किसी में दिखी अधिनायकवादी शासन की कहानी