सलमान खान के परिवार में इन दिनों खुशियों का माहौल है, क्योंकि नन्हीं परी घर आई है। बेटी को जन्म देने के बाद अब अरबाज खान की पत्नी शूरा खान अस्पताल से घर लौट आई हैं। इस दौरान अरबाज खान का नवजात बेटी को गोद में लिए वीडियो सामने आया है। वहीं अरबाज शूरा और बेटी को लेकर वापस गैलेक्सी अपार्टमेंट भी पहुंच चुके हैं।
बेटी को गोद में लिए दिखे अरबाज
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, इसमें पापा अरबाज खान खान नन्ही परी को गोद में लिए दिख रहे हैं। वीडियो में अरबाज अस्तपताल से बाहर निकलकर अपनी गाड़ी में बैठ रहे हैं। इस दौरान उनके साथ गोद में नवजात बेटी भी नजर आ रही है। इस दौरान अरबाज के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है। वो पैपराजी का भी अभिवादन करते हैं। इसके अलावा एक वीडियो और सामने आया है, जिसमें अरबाज, शूरा और नवजात बेटी गैलेक्सी अपार्टमेंट पहुंचते दिख रहे हैं।
यह खबर भी पढ़ेंः Sshura Khan: पोती से मिलने अस्पताल पहुंचीं हेलन और सलमा खान, अरहान-निर्वाण भी आए नजर
5 अक्तूबर को हुआ बेटी का जन्म
शूरा खान को 4 अक्तूबर को मुंबई के पीडी हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद रविवार 5 अक्तूबर को शूरा ने बेटी को जन्म दिया। इसके बाद सलमान खान समेत परिवार के बाकी सदस्य भी अस्पताल में शूरा और नवजात से मिलने पहुंचे थे। इसमें सलमा खान और हेलन भी शामिल थीं। बता दें कि यह अरबाज खान की दूसरी शादी है। इससे पहले अरबाज ने मलाइका अरोड़ा से शादी की थी। जिससे उन्हें एक बेटा अरहान खान है।