सलमान खान के परिवार में इन दिनों खुशी का माहौल है, क्योंकि अरबाज खान एक बार फिर पापा बने हैं। अरबाज और उनकी पत्नी शूरा ने अपने पहले बच्चे का स्वागत किया है। रविवार 5 अक्तूबर को शूरा खान ने बेटी को जन्म दिया है। इसके बाद अब खान परिवार के लोग नवजात बच्ची को देखने अस्पताल पहुंच रहे हैं। अब बच्ची के बड़े पापा यानी अभिनेता सलमान खान अरबाज-शूरा की नवजात बच्ची से मिलने अस्पताल पहुंचे हैं।
मुस्कुराहट के साथ भतीजी से मिलने पहुंचे सलमान
अभिनेता सलमान खान अपनी भतीजी से मिलने अस्पताल पहुंचे हैं। सलमान का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्हें हॉस्पिटल के अंदर जाते देखा जा सकता है। इस दौरान सलमान ब्लैक कलर की टीशर्ट में नजर आए। उन्होंने फैंस और पैपराजी का हाथ हिलाकर अभिवादन भी स्वीकार किया। वहीं अस्पताल से बाहर निकलते वक्त सलमान के चेहरे पर खुशी साफ देखी जा सकती है।
अस्पताल पहुंचीं सलमा खान और हेलन
सलीम खान की दोनों पत्नियां सलमा खान और हेलन भी अब अपनी नवजात पोती और शूरा से मिलने अस्पताल पहुंची हैं। इस दौरान सलमा खान जहां हल्के हरे रंग के सलवार सूट में अस्पताल पहुंचीं। वहीं हेलन हल्के पीले रंग के सलवार सूट में पोती और शूरा से मिलने हॉस्पिटल में पहुंचीं। इस दौरान हालांकि, हेलन और सलमा दोनों पर उम्र का असर साफ दिख रहा था। लेकिन पोती होने की खुशी उन्हें अस्पताल तक खींच ही लाई।
बहन से मिलने पहुंचे अरहान-निर्वाण
अरबाज खान और मलाइका अरोड़ा के बेटे अरहान भी अस्पताल पहुंचे, जहां शूरा खान बच्ची को जन्म देने के बाद भर्ती हैं। इस दौरान अरहान सफेद रंग की टीशर्ट और ब्लैक जींस में नजर आए। वहीं सुहैल खान के बेटे निर्वाण खान भी अपनी बहन से मिलने पहुंचे। निर्वाण को अस्पताल से निकलते हुए देखा गया। इस दौरान निर्वाण ग्रे कलर की टीशर्ट और ब्लैक ट्राउजर में नजर आए।
पिता अरबाज अस्पताल में बने हुए हैं
अरबाज खान लगातार अस्पताल में बने हुए हैं। अरबाज को बेटी के जन्म के बाद अस्पताल से निकलते हुए देखा गया था। इस दौरान अरबाज के चेहरे पर पिता बनने की खुशी साफ दिख रही थी। उन्होंने पैपराजी का भी अभिवादन स्वीकार किया था।
महीप कपूर ने खास अंदाज में दी बधाई
शूरा खान के बेटी को जन्म देने के बाद अरबाज खान को बधाई देने का सिलसिला भी लगातार जारी है। इसी क्रम में अभिनेता संजय कपूर की पत्नी महीप कपूर ने भी अरबाज और शूरा को खास अंदाज में माता-पिता बनने की बधाई दी। महीप ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर संजय कपूर और अरबाज खान का डांस करते हुए एक पुराना वीडियो साझा किया। इस वीडियो को साझा करते हुए महीप ने लिखा, ‘बेबी गर्ल… बधाई हो अरबाज खान और शूरा खान।’
5 अक्तूबर को शूरा ने दिया बेटी को जन्म
शूरा खान को 4 अक्तूबर को मुंबई के पीडी हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद रविवार 5 अक्तूबर को शूरा ने बेटी को जन्म दिया। बता दें कि यह अरबाज खान की दूसरी शादी है। इससे पहले अरबाज ने मलाइका अरोड़ा से शादी की थी। जिससे उन्हें एक बेटा अरहान खान है।