फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अनिरुद्ध रविचंदर-काव्या मारन की शादी: ग्रीस रवाना हुए रजनीकांत और एमके स्टालिन, जानें कब होगा रिसेप्शन

Mon, 09 Nov 2026 12:57 PM IST
राजश्री वर्मा एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला

सार

  • अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन की शादी ग्रीस में होने वाली है।
  • इसमें शामिल होने के लिए साउथ सुपरस्टार रजनीकांत अपनी बेटी के साथ रवाना हो चुके हैं।
  • बता दें कि अनिरुद्ध अभिनेता रजनीकांत के रिश्तेदार भी हैं।
विज्ञापन
रजनीकांत और एमके स्टालिन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ काव्या मारन की शादी इस साल की सबसे चर्चित शादियों में से एक है। दोनों ग्रीस में शाही शादी करने वाले हैं और अब इस ग्रैंड वेडिंग का हिस्सा बनने के लिए फिल्म और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियां रवाना हो चुकी हैं।
विज्ञापन


चेन्नई एयरपोर्ट पर सुपरस्टार रजनीकांत से लेकर एमके स्टालिन और उदयनिधि स्टालिन तक नजर आए। एयरपोर्ट से सामने आए वीडियो और तस्वीरों ने इस शादी को लेकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
Trending Videos

अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन - फोटो : सोशल मीडिया
रजनीकांत रवाना हुए ग्रीस
साउथ सुपरस्टार रजनीकांत और उनका परिवार, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन अपने परिवारों के साथ चेन्नई एयरपोर्ट पर नजर आए। सभी ग्रीस के लिए रवाना हुए हैं, जहां म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ काव्या मारन की शादी होने वाली है।

एयरपोर्ट से कई वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, जिनमें इस हाई-प्रोफाइल शादी में शामिल होने जा रहे मेहमानों की झलक देखने को मिल रही है।
 

अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन - फोटो : सोशल मीडिया
अनिरुद्ध के रिश्तेदार हैं रजनीकांत
इस शादी में रजनीकांत की मौजूदगी खास है। दरअसल, अनिरुद्ध के पिता रवि राघवेंद्र और रजनीकांत की पत्नी लता रजनीकांत सगे भाई-बहन है। ऐसे में रजनीकांत रिश्ते में अनिरुद्ध के फूफा हुए। वहीं, रजनीकांत की बेटियां ऐश्वर्या और सौंदर्या उनकी कजिन हैं।

एमके स्टालिन की रिश्तेदार हैं काव्या मारन
वहीं, काव्या मारन सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन और कावेरी मारन की बेटी हैं। मारन परिवार का करुणानिधि परिवार से लंबे समय से पारिवारिक रिश्ता रहा है। कलानिधि मारन और एमके स्टालिन चचेरे भाई हैं। इस लिहाज से स्टालिन का काव्या मारन से करीबी पारिवारिक संबंध है। वहीं, उदयनिधि स्टालिन एमके स्टालिन के बेटे हैं।

काव्या मारन बिजनेस और क्रिकेट की दुनिया का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वह आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ हैं, जिसका मालिकाना हक सन ग्रुप के पास है। इसके अलावा वह सन टीवी नेटवर्क से भी जुड़ी हुई हैं। आईपीएल मैचों और खिलाड़ियों की नीलामी के दौरान उनकी मौजूदगी अक्सर चर्चा में रहती है।

अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या - फोटो : सोशल मीडिया
कब होगी कपल की शादी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनिरुद्ध और काव्या मारन ग्रीस में 10 और 11 नवंबर को शादी करने वाले हैं। बताया जा रहा है कि यह एक प्राइवेट डेस्टिनेशन वेडिंग होगी, जिसमें परिवार के करीबी सदस्य और चुनिंदा दोस्त ही शामिल होंगे। मेहमानों के आने-जाने और उनके ठहरने की व्यवस्था मारन परिवार की ओर से की जा रही है। हालांकि, अनिरुद्ध और काव्या या उनके परिवारों ने ग्रीस में होने वाली शादी की सभी जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

चेन्नई में कब होगा रिसेप्शन
शादी के बाद 21 नवंबर को चेन्नई में कपल का रिसेप्शन रखा गया। इस तारीख की पुष्टि एमके स्टालिन की तरफ से साझा किए गए एक निमंत्रण पत्र से हुई। इसके अलावा, कलानिधि मारन और उनकी पत्नी कावेरी मारन ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को खुद रिसेप्शन का न्योता दिया था। इसके बाद से यह निमंत्रण भी काफी चर्चा में रहा।

रिसेप्शन के इनविटेशन कार्ड ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। इसे पिंक व्हिसल मैन की रंजिनी अयंगर ने डिजाइन किया है। कार्ड में आइवरी और पाउडर ब्लू रंगों का इस्तेमाल किया गया है। इसमें एम्बॉस्ड स्टेशनरी, बारीक डिजाइन और विंटेज स्टाइल की क्रेस्ट सील भी देखने को मिलती है।
 
विज्ञापन

अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन - फोटो : सोशल मीडिया
रिसेप्शन में शामिल हो सकते हैं राजनीति और सिनेमा के बड़े चेहरे
रिपोर्ट्स के मुताबिक, चेन्नई में होने वाले इस रिसेप्शन में राजनीति, सिनेमा, बिजनेस और क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों को न्योता भेजा गया है। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, अभिनेता अजित कुमार समेत फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।

जहां ग्रीस में होने वाली शादी को करीबी लोगों तक सीमित रखने की तैयारी है, वहीं चेन्नई का रिसेप्शन काफी बड़ा आयोजन हो सकता है। इसमें फिल्म, राजनीति, बिजनेस और क्रिकेट जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के एक साथ जुटने की उम्मीद है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें