अमिताभ बच्चन ने पोस्ट में क्या लिखा?
अमिताभ बच्चन ने आज गुरुवार सुबह अपने एक्स अकाउंट से एक पोस्ट साझा किया। इसमें ट्वीट संख्या के साथ लिखा है, 'T 5720-क्या पिद्दी, क्या पिद्दी का शोरबा'। यह पोस्ट पर पढ़कर यूजर्स का सिर चकरा गया। कुछ यूजर्स शहंशाह से इसका मतलब पूछने लगे तो कोई उन्हें ट्रोल करने लगा। कोई इसे पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखने लगा तो कोई तरह-तरह के अन्य कयास लगा रहा है।
ब्लॉग में पहले ही लिख दिया ट्वीट का अर्थ
अमिताभ बच्चन को भी शायद यह अंदाजा था कि लोग उनसे इस ट्वीट का मतलब पूछेंगे। इसलिए, उन्होंने इसके संबंध में एक विस्तृत पोस्ट पहले ही अपने ब्लॉग में लिख दिया। अमिताभ बच्चन नियमित रूप से ब्लॉग लिखते हैं। उन्होंने अपने ब्लॉग में भी 'क्या पिद्दी...' वाले विषय पर ही मजाकिया अंदाज में आर्टिकल लिखा है। इसके बाद उन्होंने ट्वीट किया।
बिग बी ने ब्लॉग में क्या लिखा?
अमिताभ बच्चन ने आज 23 अप्रैल को सुबह 9: 51 बजे साझा किए गए अपने ब्लॉग में लिखा है, 'कल लिखने में देर हो गई, सोचा आज कर दें थोड़ी जल्दी। छोटी मोटी तुकबंदी कर दी, 'क्या शोरबा क्या पिद्दी'। उन्होंने आगे लिखा है, 'असल वाक्य होता है - 'क्या पिद्दी क्या पिद्दी का शोरबा', पर हमनें तुक मिलाने के लिए थोड़ी सी तोड़ फोड़ कर दी'। अभिनेता ने आगे अपने काम से जुड़ी अपडेट भी साझा की है। उन्होंने लिखा है, 'मैंने अपने एक प्यारे सहकर्मी से यह सीखा कि सुबह का समय रचनात्मक सोच के लिए सबसे अच्छा होता है। यह रचनात्मक लोगों के लिए तो काम करता है, लेकिन मेरे जैसे उन गैर-रचनात्मक लोगों का क्या?
बिग बी बोले- 'कुछ भी करो, बस काम करो'
अमिताभ बच्चन ने आगे लिखा है कि वे काम के सिलसिले में यात्रा करेंगे। उन्होंने ब्लॉग में लिखा है, 'काम ही जीवन का सार है। काम है तो आगे बढ़ेंगे। किसी रोमांचक जगह की सैर के लिए नहीं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए। इसलिए काम करो। गुजारा करने के लिए काम करो। अपने शरीर पर काम करो। कुछ भी करो, बस काम करो। इस उम्र में शरीर पर काम करना सबसे जरूरी है, इसलिए मैं सोच रहा था कि इंसान का शरीर बनाने वाला वह 'निर्माता' कितना अद्भुत है। इसकी कल्पना करना भी नामुमकिन है। मैंने इस बारे में कुछ बातें सोची हैं, लेकिन उन्हें किसी और दिन लिखूंगा। आप सभी को मेरा प्यार। बिग बी के वर्क फ्रंट की बात करें तो वे जल्द ही 'कल्कि 2898 एडी' के सीक्वल में नजर आएंगे।