साउथ स्टार महेश बाबू एसएस राजामौली के साथ अपनी आगामी फिल्म को लेकर चर्चाओं में बने हुए हैं। आज हैदराबाद में फिल्म का एक बड़ा इवेंट भी होना है, जिसे ग्लोब ट्रॉटर इवेंट नाम दिया गया है। यह पल महेश बाबू समेत पूरी फिल्म की कास्ट के लिए एक खास पल होने वाला है। ऐसे में इस बड़े इवेंट से पहले महेश बाबू ने अपने दिवंगत पिता को याद किया है।
आज आपको ज्यादा याद कर रहा हूं
महेश बाबू अपने पिता व दिग्गज अभिनेता घट्टामनेनी कृष्णा को यादकर भावुक हो गए। महेश बाबू ने अपने पिता को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर उनके साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर साझा की है। तस्वीर में घट्टामनेनी कृष्णा एक बाइक के साथ खड़े हैं। जबकि महेश बाबू उनके पास खड़े हैं और उनकी ओर देख रहे हैं। तस्वीर काफी पुरानी है, इसमें महेश बाबू युवा दिख रहे हैं। इस तस्वीर को साझा करते हुए महेश बाबू ने कैप्शन में लिखा, ‘आज आपकी बहुत याद आ रही है। मैं यह जानता हूं कि आपको गर्व होगा नाना (पापा)।’ बता दें कि आज घट्टामनेनी कृष्णा की तीसरी पुण्यतिथि भी है।
79 साल में हुआ था घट्टामनेनी कृष्णा का निधन
घट्टामनेनी कृष्णा तेलुगु सिनेमा के एक दिग्गज अभिनेता थे। उन्होंने कई सुपरहिट फिल्में दी हैं। उन्होंने 350 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया। 15 नवंबर, 2022 को 79 साल की उम्र में घट्टामनेनी कृष्णा का हैदराबाद में निधन हो गया था।
यह खबर भी पढ़ेंः एसएस राजामौली के ग्लोब ट्रॉटर इवेंट की पूरी जानकारी, जानें दर्शक कब-कहां और कैसे हो सकते हैं शामिल
हैदराबाद में होना है ग्लोब ट्रॉटर इवेंट
महेश बाबू और एसएस राजामौली की आगामी फिल्म ‘एसएसएमबी 29’ चर्चा में बनी हुई है। आज यानी 15 नवंबर को फिल्म से जुड़ा ‘ग्लोब ट्रॉटर’ इवेंट हैदराबाद में आयोजित किया जाएगा। इस इवेंट में भारी संख्या में फैंस के शामिल होने की उम्मीद है। एसएस राजामौली द्वारा निर्देशित इस फिल्म में महेश बाबू के साथ प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म से प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन के लुक भी सामने आ चुके हैं। हालांकि, फिल्म के टाइटल और महेश बाबू के लुक का अभी भी इंतजार है।