Aditya Sarpotdar Exclusive Interview: फिल्म 'थामा' के निर्देशक आदित्य सरपोतदार ने हाल ही में अमर उजाला से बातचीत करते हुए आने वाली फिल्म मुंज्या के सीक्वल पर बात की है।
साल 2024 की सरप्राइज हिट 'मुंज्या' ने छोटे बजट और नए चेहरों के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर बड़ा कमाल दिखाया था। अभय वर्मा और शारवरी वाघ स्टारर इस हॉरर-कॉमेडी ने 100 करोड़ क्लब में जगह बनाकर मैडॉक फिल्म्स यूनिवर्स को नई ऊंचाई दी। अब इसका सीक्वल 'महा मुंज्या' डेवलपमेंट स्टेज में है। हाल ही में खबरें आई थीं कि 'लापता लेडीज' फेम प्रतिभा रांटा फिल्म का हिस्सा बनने वाली हैं। हालांकि, 'मुंज्या' के डायरेक्टर आदित्य सरपोतदार ने अमर उजाला से खास बातचीत में इस खबर को सिरे से खारिज किया।
विज्ञापन
'महा मुंज्या में उनका नाम सिर्फ अफवाह है'
आदित्य ने कहा, 'न प्रतिभा ने कुछ कहा है, न उनकी टीम ने और न हमने। इसमें कोई सच्चाई नहीं है, ये बस एक फैन थ्योरी है। शायद लोगों को लगा कि वो इस यूनिवर्स का हिस्सा हैं क्योंकि उन्होंने 'लापता लेडीज' में शानदार काम किया है। मुझे भी जब ये खबर सुनी तो थोड़ा हंसी आई कि ये आया कहां से?'
आदित्य ने आगे बात करते हुए कहा, 'प्रतिभा बहुत टैलेंटेड और शानदार एक्ट्रेस हैं। मैं खुद मानता हूं कि वो इस तरह की फिल्मों में बिल्कुल फिट बैठेंगी। अगर आगे चलकर ऐसा कुछ होता है तो क्यों नहीं? लेकिन फिलहाल ऐसा कुछ नहीं है। न कोई ऑफिशियल बातचीत हुई है, न कोई कन्फर्मेशन आया है। ये सिर्फ सोशल मीडिया की हवा है।'
अभय वर्मा और शारवरी वाघ की होगी वापसी
जब आदित्य सरपोतदार से पूछा गया कि क्या सीक्वल में 'मुंज्या' के लीड कलाकार अभय वर्मा और शारवरी वाघ फिर नजर आएंगे तो उन्होंने तुरंत कहा, 'अभय और शारवरी 100 प्रतिशत लौट रहे हैं। उनके किरदार वहीं से आगे बढ़ेंगे, जहां पहली फिल्म खत्म हुई थी। लेकिन इनके साथ और कौन जुड़ता है, ये अभी बताना जल्दबाजी होगी। जब वक्त आएगा, सब कुछ साफ हो जाएगा।'
'मुंज्या 2 इसलिए बन रही है क्योंकि ऑडियंस इंटरेस्टेड हैं'
सीक्वल पर बात करते हुए आदित्य ने कहा, 'ये साफ दिखाता है कि लोग इस यूनिवर्स में इंटरेस्टेड हैं और उन्होंने 'मुंज्या' के साथ एक इमोशनल इन्वेस्टमेंट बनाया है। जब हमने पहली फिल्म बनाई थी, तब सीक्वल का कोई प्लान नहीं था। लेकिन फिल्म के हिट होने के बाद भरोसा मिला कि इस कहानी को और आगे बढ़ाया जा सकता है। अगर फिल्म नहीं चलती तो पार्ट टू बनाने का कोई मतलब नहीं होता। लेकिन जब दर्शक खुद पूछने लगें कि आगे क्या होगा, तब समझ आता है कि आपने कुछ सही किया है।'
'महा मुंज्या' का पैमाना और बड़ा होगा
उन्होंने आगे बात करते हुए कहा, 'अब 'महा मुंज्या' के साथ हम उस यूनिवर्स को और बड़ा करने जा रहे हैं। बहुत सारी प्लानिंग चल रही है, कई एक्साइटिंग चीजें तैयार हो रही हैं। हम चाहते हैं कि ये फिल्म सिर्फ सीक्वल नहीं, बल्कि एक नया एक्सपीरियंस बने। जैसे पहली फिल्म के एंड में हमने एक प्रॉमिस छोड़ा था, वैसे ही अब 'महा मुंज्या' उस प्रॉमिस को पूरा करेगी। कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी जहां 'मुंज्या' खत्म हुई थी, लेकिन इस बार पैमाना और बड़ा होगा, दुनिया और गहरी।'