अभिनेता और सिंगर दिलजीत दोसांझ अपने 'ऑरा इंडिया टूर' को लेकर चर्चा में हैं। इसके तहत आज शनिवार 21 नवंबर 2026 को उनका कॉन्सर्ट गुजरात के अहमदाबाद में होने वाला है। इस कॉन्सर्ट से पहले यहां के पुलिस कमिश्नर ने बताया है कि यहां सुरक्षा के कैसे इंतजाम हैं।
कॉन्सर्ट में कितने दर्शक होंगे?
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट को लेकर अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने कई जानकारियां दी हैं। उन्होंने बताया, 'यहां लगभग 85,000 दर्शक, सपोर्ट स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों को मिलाकर कुल 90,000 से ज्यादा लोगों के मौजूद रहने की उम्मीद है। सुरक्षा के लिए 2,000 पुलिसकर्मी, स्टेट रिजर्व पुलिस की तीन कंपनियां, BDDS टीमें, क्विक रिस्पॉन्स टीमें, क्राइम ब्रांच और SOG के जवानों को तैनात किया गया है। यहां DFMD (डोर-फ्रेम मेटल डिटेक्टर) लगाए गए हैं और पूरे वेन्यू पर लगभग 600 CCTV कैमरों से नजर रखी जाएगी।'
पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह
- फोटो : एएनआई
कॉन्सर्ट में होंगी ये सुविधाएं
अनुपम सिंह के मुताबिक 'एंट्री, एग्जिट और अंदर की व्यवस्थाओं में मदद के लिए लगभग 1,500 प्राइवेट सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहेंगे। ट्रैफिक सुचारू रूप से चले और लोगों की सुरक्षा बनी रहे, इसके लिए खास इंतजाम किए गए हैं। पानी की बोतलें और बैग जैसी चीजें ले जाना मना है, लेकिन वेन्यू के बाहर लॉकर की सुविधा उपलब्ध होगी। महिला दर्शकों को अपने साथ छोटे पावर बैंक ले जाने की अनुमति होगी।'
दिलजीत दोसांझ
- फोटो : सोशल मीडिया
कब हुई 'ऑरा इंडिया टूर' की शुरुआत?
बता दें कि दिलजीत दोसांझ ने अपने 'ऑरा इंडिया टूर' की शुरुआत दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से 30 अक्तूबर को हुई थी। यह टूर 19 दिसंबर 2026 तक चलेगा।