Maharashtra Election: महाराष्ट्र में बुधवार को राज्य की सभी 288 विधानसभा सीटों पर मतदान कराया गया। राज्य में पिछले विधानसभा चुनाव में मुकाबले 3.67% ज्यादा वोटिंग हुई है। इस चुनाव में पिछली बार से 27.7 प्रतिशत अधिक कुल 4,136 उम्मीदवार मैदान में रहे।
महाराष्ट्र में बुधवार को विधानसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान कराया गया। राज्य के 36 जिलों की सभी 288 सीटों पर वोटिंग हुई जहां कई जिलों के मतदाताओं में जबरदस्त रुझान दिखा। अब तक के आंकड़े के अनुसार राज्य में कुल 65.11% मतदान दर्ज किया गया है। 2019 में महाराष्ट्र में कुल 61.44% वोटिंग दर्ज की गई थी। इस तरह से राज्य में पिछले विधानसभा चुनाव में मुकाबले 3.67% ज्यादा वोटिंग हुई है।
विज्ञापन
महाराष्ट्र के इस चुनाव में 9.70 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पात्र थे। इनमें से 5.00 करोड़ पुरुष, 4.69 करोड़ महिलाएं और 6,101 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। बुधवार को मतदान खत्म होने के साथ ही इस चुनाव में उतरे सभी 4,136 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई।
2019 vs 2024 में जिलेवार कहां-कितनी वोटिंग?
जिला
2019 में वोट %
2024 में वोट %
बदलाव (%)
कोल्हापुर
48.22
76.25
28.03
सांगली
48.03
71.89
23.86
सिंधुदुर्ग
51.28
68.4
17.12
सतारा
57.85
71.71
13.86
अहिल्या नगर
61.21
71.73
10.52
सोलापुर
58.08
67.36
9.28
जलना
65.01
72.3
7.29
रत्नागिरि
57.39
64.65
7.26
गडचिरोली
66.83
73.68
6.85
बीड
61
67.79
6.79
लातूर
60.88
66.92
6.04
धाराशिव
58.98
64.27
5.29
रायगढ़
62.08
67.23
5.15
हिंगोली
66.01
71.1
5.09
परभनी
65.42
70.38
4.96
चंद्रपुर
66.65
71.27
4.62
छत्रपति संभाजीनगर
64.83
68.89
4.06
नासिक
64.14
67.57
3.43
पालघर
62.91
65.95
3.04
यवतमाल
66.55
69.02
2.47
गोंदिया
67.09
69.53
2.44
भंडारा
67.18
69.42
2.24
बुलढाना
69.18
70.32
1.14
वर्धा
67.77
68.3
0.53
पुणे
61.33
61.05
-0.28
नांदेड़
66.03
64.92
-1.11
वाशिम
68.27
66.01
-2.26
अमरावती
68.26
65.57
-2.69
अकोला
68.27
64.98
-3.29
नंदुरबार
74.45
69.15
-5.3
जलगांव
69.77
64.42
-5.35
धुले
70.34
64.7
-5.64
थाणे
62.4
56.05
-6.35
मुंबई उपनगर
62.19
55.77
-6.42
नागपुर
67.34
60.49
-6.85
मुंबई शहर
62.18
52.07
-10.11
कुल
61.44
65.11
3.67
विज्ञापन
महाराष्ट्र चुनाव के प्रमुख चेहरे
- फोटो : Amar ujala
इस चुनाव के खास चेहरे कौन?
महाराष्ट्र चुनाव की चर्चित चेहरों में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले और पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे शामिल हैं। पूर्व मंत्री नवाब मलिक, भाजपा से शिवसेना में आईं शाइना एनसी, कृषि मंत्री धनंजय मुंडे, महाराष्ट्र सपा प्रमुख अबु आजमी और पूर्व मंत्री जयंत पाटिल के सियासी भाग्य का फैसला भी इस चुनाव में होना है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024
- फोटो : AMAR UJALA
किनके बीच मुकाबला?
महाराष्ट्र चुनाव में पिछली बार से 27.7 प्रतिशत अधिक कुल 4,136 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 2,086 निर्दलीय दावेदार हैं। 2019 में जब मुकाबला भाजपा-शिवसेना और कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन के बीच था, तब कुल 3,239 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। इस बार, पिछले दो वर्षों में शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के टूटने से राजनीतिक परिदृश्य काफी बदल गया है।
इस बार महाराष्ट्र में मुख्य मुकाबला महायुति और महाविकास अघाड़ी के बीच माना जा रहा है। चुनाव आयोग के आंकड़े के अनुसार, सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन में से भाजपा ने सबसे ज्यादा 149 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। वहीं महायुति में शामिल मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 81 उम्मीदवार और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने 59 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने चार सीटें महागठबंधन में सहयोगी दलों के लिए भी छोड़ी हैं। इनमें केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले की अगुवाई वाली रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) ने कलिना विधानसभा सीट से उम्मीदवार उतारा है। सूची में शामिल अन्य सहयोगी दलों में युवा स्वाभिमान पार्टी बडनेरा से, जन सुराज्य शक्ति पार्टी शाहूवाड़ी से और राष्ट्रीय समाज पार्टी गंगाखेड़ से चुनाव मैदान में उतरी है। इसके अलावा भाजपा के कई चेहरे दूसरे दलों के चुनाव चिह्न पर चुनाव मैदान में हैं जिनमें शाइना एनसी एक प्रमुख नाम हैं।
मुस्लिम बाहुल्य मालेगांव मध्य एक ऐसी विधानसभा सीट है जहां महायुति ने तो कोई उम्मीदवार उतारा है और न ही किसी उम्मीदवार को समर्थन दिया है। मालेगांव मध्य में आईएमआईएम से वर्तमान विधायक मुफ्ती मोहम्मद इस्माईल अब्दुल खालिक मैदान में हैं, जिनका मुकाबला कांग्रेस के एजाज अजीज बेग मैदान से हैं।
वहीं दूसरी ओर विपक्षी महाविकास अघाड़ी में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 101 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) ने 95 उम्मीदवार और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने 86 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में सहयोगियों के बीच 'दोस्ताना मुकाबला' होगा। छोटी पार्टियों में से बसपा ने 237 उम्मीदवार, एआईएमआईएम ने 17 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।