देश में इस समय चुनावी माहौल है। तीन चरणों का मतदान संपन्न हो चुका है। कल 10 राज्यों की 96 लोकसभा सीटों पर चौथे चरण के लिए वोट डाले जाएंगे। ऐसे में देश की विभिन्न राजनैतिक पार्टियों के नेता जनता को अपने पक्ष में लामबंद करने के लिए जमकर प्रचार प्रसार कर रहे हैं। इसके लिए वे जनसभाएं, सोशल मीडिया, रैली कर रहे हैं। इसी क्रम में अमर उजाला ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा से खास बातचीत की। इस खास वार्ता में उनसे कई मुद्दों पर चर्चा की गई। वार्ता के दौरान केंद्रीय मंत्री ने झामुमो व कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों पार्टियों ने झारखंड को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया।
हेमंत की गिरफ्तारी को इंडिया गठबंधन मुद्दा बना रहा है, आप कैसे देखते हैं?
सबसे बड़ा मुद्दा भ्रष्टाचार का है। झामुमो और कांग्रेस गठबंधन की सरकार ने झारखंड को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है। आए दिन अधिकारियों और कर्मचारियों के घरों से करोड़ों रुपये बरामद किए जा रहे हैं। इनके रहते जल, जंगल, जमीन सबकुछ खतरे में है। जनता सब देख रही है। ऐसे में जनता को किसी भ्रष्ट व्यक्ति से कोई सहानुभूति नहीं होती।
2019 में हारते-हारते जीते, इस बार क्या लग रहा है?
पिछले चुनाव में हम इस क्षेत्र के लिए नए थे। पीएम मोदी जी के नाम पर नजदीकी मुकाबले में 1445 मतों से जीते थे। हमने खूंटी में भारी विकास कराया है। कांग्रेस के जमाने में सांसदों के खातों से रकम खर्च नहीं हो पाती थी और हमने पूरी ताकत झोंककर 400 करोड़ रुपयों से विकास कार्य कराए हैं। जिन गांव में कच्ची सड़कें तक नहीं थीं, वहां अब गाड़ियां फर्राटे से दौड़ती जाती हैं। 24 सरकारी प्रखंडों में सरकारी स्कूल बनवाए हैं। आदिवासियों के बच्चे मुफ्त शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। लड़के-लड़कियों को तकनीकी प्रशिक्षण दिलाकर उन्हें रोजगार के लिए तैयार किया है। वही युवा हमारे साथ हैं।
कुछ गांवों में शिकायत है कि सांसद उनके बीच कम आए?
यह बात विरोधी और कांग्रेसी भोले आदिवासियों के मन में भर रहे हैं। उन्हें भड़काकर हमारा नुकसान करवाने की कोशिश भी खूब हुई, मगर जनता इनकी बातों में आई नहीं। लोग खुद बताते हैं कि भाजपा राज में ही उनका भला हुआ है, वरना अब तक बातें ही ज्यादा होती रहीं। अब सीधे गांव-घर तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। दलालों की छुट्टी की जा चुकी है। इसलिए जनता जानती है कि हम उन्हीं की खातिर दौड़ते रहे। जनता समझती है और पूरी तरह हमारे साथ है।
2019 में 11 निर्दलीयों ने पूरा खेल बिगाड़ा, अबकी क्या स्थिति?
अधिकतर निर्दलीयों को पिछली बार कांग्रेसियों ने ही उतारा था। उसी से सारी स्थिति बिगड़ी। इस बार भी कांग्रेस कोशिश में है कि विरोधियों को खड़ा करके हमारा चुनाव फिर से बिगाड़ा जाए, मगर इस बार हम तैयार हैं। कुछ ऐसे प्रत्याशी भी मैदान में उतारे गए हैं, जिनसे हमें नुकसान हो, मगर ऐसा कोई कर नहीं पाएगा। हमारी पूरी तैयारी है। भारी मतों से और एकतरफा जीत जनता हमें दिलाएगी।
किसानों का मंत्रालय आपके पास था, क्या सुधार कराए?
किसी वर्ग विशेष के लिए नहीं, सभी किसानों के लिए सरकारी योजनाएं लागू कराई गईं। जैसे किसान सम्मान निधि और क्लस्टर योजना के माध्यम से एग्रो बिजनेस को बढ़ावा दिया जा रहा है। तमाम और योजनाओं का लाभ सीधे किसान तक पहुंचे, उसके लिए लगातार काम चल रहा है।
आदिवासियों के गढ़ में झामुमो की बड़ी पैठ से कैसे निपटेंगे?
अब ऐसा नहीं है। पीएम मोदी ने आदिवासियों के दिलों को छूने वाले काम किए। विद्यालय ही नहीं, उनके राशन से लेकर एक-एक दिक्कत को समझा। आदिवासियों के स्कूलों को मॉडर्न स्कूलों में तब्दील कर रहे हैं। दिक्कत आ रही है कि मोदीजी की आदिवासी हितों से जुड़ीं योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने में प्रदेश सरकार रुचि नहीं ले रही है। यही वजह है कि जितने प्रयास हो रहे हैं, उतना लाभ आदिवासियों तक नहीं पहुंच सका है। जिन राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, वहां बड़े स्तर पर सुधार हुए हैं। अब सिर्फ बातें बनाने वाली क्षेत्रीय पार्टियों की बातों में कोई नहीं आने वाला।