फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

LS Election 2024: '400 का दावा करने वाली भाजपा 40 सीटों पर सिमट जाएगी', कांग्रेस प्रत्याशी उदित राज का दावा

अमित शर्मा
Updated Sun, 12 May 2024 09:21 PM IST

सार

उदित राज ने कहा 'प्रधानमंत्री का विकास का दावा खोखला साबित हुआ है, जबकि पूरे देश में राहुल गांधी की गारंटियों की बात हो रही है। युवाओं, महिलाओं को एक-एक लाख रुपये देने की गारंटी, सामाजिक न्याय और महिला न्याय की गारंटी लोगों की जुबान पर चढ़ गई है।'
विज्ञापन
विज्ञापन
उदित राज - फोटो : अमर उजाला


प्रश्न- चुनाव की तैयारी कैसी चल रही है? इस बार क्या उम्मीद है?  

उत्तर- बहुत शानदार तैयारी चल रही है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ लगे हुए हैं। आपको पता ही है कि मैं इस सीट पर 2014 में चुनाव जीत चुका हूं। मैं अपने काम के दम पर लोगों से वोट मांग रहा हूं। मैं लोगों से एक ही बात कह रहा हूं, यदि मैंने आपके लिए आपके क्षेत्र में काम किया है, तो मुझे वोट दीजिए, नहीं किया है तो मत दीजिए। भाजपा के पिछले उम्मीदवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर लोगों से वोट मांगा, पांच साल इस इलाके में कोई काम नहीं हुआ। 


हार के डर से भाजपा ने अपना प्रत्याशी बदल दिया है। जो नए प्रत्याशी हैं, वे भी अब मोदी जी के नाम पर ही वोट मांग रहे हैं। यानी साफ है कि यदि चुनाव जीते, तो जनता के काम नहीं करेंगे। आपको सुनकर आश्चर्य होगा कि अनेक ऐसे लोग स्वयं सामने आ रहे हैं मैंने जिनका काम किया है, वे खुलकर समर्थन दे रहे हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि इस बार भी मैं बड़ी जीत हासिल करने में सफल रहूंगा।  


प्रश्न- भाजपा की ताकत मोदी हैं, तो आपकी ताकत कौन है? क्या आपको लगता है कि राहुल गांधी की गारंटी जनता में मोदी की गारंटी से ज्यादा भरोसा पैदा कर रही है?  

उत्तर- राहुल गांधी कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के सबसे बड़े चेहरे हैं। प्रधानमंत्री का विकास का दावा खोखला साबित हुआ है, जबकि पूरे देश में राहुल गांधी की गारंटियों की बात हो रही है। युवाओं, महिलाओं को एक-एक लाख रुपये देने की गारंटी, सामाजिक न्याय और महिला न्याय की गारंटी लोगों की जुबान पर चढ़ गई है। जबकि मोदी जी की विकास और रोजगार की गारंटी की पोल खुल चुकी है। पूरे देश ने देखा है कि पिछले दस सालों में कोई विकास नहीं हुआ। यही कारण है कि भाजपा चुनाव के समय हिंदू-मुसलमान कर रही है। उसके अंदर अपने काम के दम पर वोट मांगने की हिम्मत नहीं है।    


प्रश्न- अरविंद केजरीवाल को शराब घोटाले में अंतरिम जमानत मिल गई है। क्या उनके आने से आपके चुनाव को लाभ होगा? भाजपा कह रही है कि जब अरविंद केजरीवाल चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे, तो लोगों को शराब घोटाला और शीश महल का भ्रष्टाचार याद आएगा। इससे आम आदमी पार्टी सहित इंडिया गठबंधन को कोई लाभ नहीं होगा।   

उत्तर- केजरीवाल के जेल से बाहर आते ही जनता के बीच यह संदेश गया है कि केंद्र सरकार ने बिना किसी ठोस कारण के उन्हें जेल में बंद कर रखा है। अब केजरीवाल की अंतरिम जमानत रेगुलर जमानत में बदलेगी और अब उन लोगों के जेल में जाने की बारी है जिन्होंने उन्हें अकारण जेल में डाल रखा है। जनता खुली आंखों से यह देख रही है। आज पूरा देश संविधान को बचाने के लिए एकजुट हो गया है। हमें पूरा विश्वास है कि अरविंद केजरीवाल के कारण इंडिया गठबंधन को लाभ होगा। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ हमारे साथ चुनाव प्रचार कर रहे हैं। हमें इसका पूरा लाभ मिलेगा। 
विज्ञापन


प्रश्न- दिल्ली में चुनाव के लिए आपके पास क्या मुद्दे हैं? अपने काम के अलावा आप किन मुद्दों पर वोट मांग रहे हैं? 

उत्तर- आप केवल दिल्ली की बात मत कीजिए। दिल्ली में, या अपने चुनाव क्षेत्र में, तो मैं अपने काम के बल पर ही वोट मांग रहा हूं, लेकिन यह चुनाव बहुत अलग है। इस चुनाव में पूरे देश का लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण की व्यवस्था दांव पर है। उसे बचाने के लिए पूरा देश एकजुट हो गया है। भाजपा को जमीन पर चल रही आंधी का एहसास नहीं है। चार जून को आप देखेंगे कि 400 सीटों का दावा करने वाली पार्टी 40 पर सिमट जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next