Lok Sabha Chunav Update: पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने पीएम मोदी और भाजपा नेताओं पर निशाना साधा है। उधर चुनाव आयोग ने मतदान होने तक रायथु भरोसा योजना के तहत होने वाले भुगतान पर रोक लगाई है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग और भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल पर लगातार गलत बयानबाजी के आरोप लग रहे हैं लेकिन चुनाव आयोग ने अपनी आंखें बद कर ली हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता अपनी चुनावी रैलियों में घृणित बातें कर रहे हैं और चुनाव आयोग चुप है। इस तरह से आदर्श आचार संहिता को मोदी आचार संहिता में बदला जा रहा है। पूर्णिया में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने आरोप लगाया ‘प्रधानमंत्री और भाजपा नेता सिर्फ खुद को हिंदू समझते हैं। इस तरह से वे दूसरे समुदाय के लोगों के बारे में नहीं सोचते। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता खुले मंचों पर घृणित बयानबाजी कर लोगों को डराने का काम कर रहे हैं लेकिन चुनाव आयोग खामोश है।’
तेलंगाना में रायथु भरोसा योजना के तहत भुगतान पर फिलहाल रोक
चुनाव आयोग ने मंगलवार को तेलंगाना सरकार को 13 मई को राज्य में मतदान होने तक रायथु भरोसा योजना के तहत भुगतान रोकने का निर्देश दिया। तेलंगाना के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे पत्र में चुनाव आयोग ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सार्वजनिक भाषणों में यह कहकर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है कि योजना का भुगतान 9 मई को या उससे पहले दिया जाएगा। तेलंगाना में 13 मई को चौथे चरण के तहत मतदान होना है।
चुनाव आयोग ने दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को दिए निर्देश
चुनाव आयोग ने दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) को गुमनाम राजनीतिक होर्डिंग्स के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देशों पर गौर करने के लिए कहा है। दिल्ली के सीईओ को लिखे एक पत्र में चुनाव आयोग ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में अधिकृत और अनधिकृत साइटों पर गुमनाम चुनावी होर्डिंग्स के बारे में कुछ पार्टियों से शिकायतें मिलीं हैं। गुमनाम चुनावी होर्डिंग या विज्ञापन वे होते हैं, जिन पर मुद्रक और प्रकाशक का नाम और पता नहीं लिखा होता। यह आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।
एनसीपी नेता रूपाली के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज
महाराष्ट्र पुलिस ने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष और राकांपा नेता रूपाली चाकणकर के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि राकांपा नेता रूपाली द्वारा ईवीएम की आरती उतारने की तस्वीर वायरल हुई थी।