केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक और दाहिने भाजपा नेता आर अशोक (फाइल)
- फोटो : ani
अशोक ने कहा कि सोमवार को भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक में कर्नाटक की सभी 28 लोकसभा सीटों के बारे में विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और कर्नाटक भाजपा इकाई के कई नेता शामिल हुए। केंद्रीय नेतृत्व ने सभी नेताओं से राय ली। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष भी मौजूद रहे। बैठक के लिए कर्नाटक से दिल्ली पहुंचे नेताओं में आर अशोक और संसदीय बोर्ड के सदस्य बीएस येदियुरप्पा (पूर्व मुख्यमंत्री), संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी, कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र, पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और भाजपा के राज्य संगठन सचिव राजेश जीवी भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि आर अशोक कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के चयन और भाजपा की दूसरी सूची के बारे में एक सवाल पर राष्ट्रीय राजधानी में यह बयान दिया।
भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक। (फाइल)
- फोटो : ANI
अशोक के मुताबिक कर्नाटक की सभी सीटों पर उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा के लिए अब संभवत: कोई और बैठक नहीं होगी। उन्होंने कहा कि लगभग सभी सीटों पर उम्मीदवारों के नाम फाइनल हो चुके हैं। पार्टी आलाकमान अंतिम फैसला लेने के बाद एक या दो सूचियों में सभी प्रत्याशियों के नाम का एलान कर देगी। कुछ मौजूदा सांसद नए चेहरों के लिए रास्ता बनाने के लिए चुनाव नहीं लड़ने का फैसला करेंगे या पार्टी इनके टिकट काट सकती है। इस सवाल पर आर अशोक ने कहा कि कुछ नेताओं ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति की घोषणा की है। ऐसे में इन सीटों पर नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। अन्य सीटों पर उम्मीदवारों का चयन राजनीतिक प्रदर्शन, संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में जनाधार और जनता का मूड और जातिगत समीकरण जैसे फैक्टर पर भी निर्भर होगा।
कर्नाटक विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष आर अशोक ने कहा, वे सटीक संख्या नहीं बता सकते कि कितने सांसदों का टिकट कटेगा, लेकिन बदलाव निश्चित है। अंतिम फैसला आलाकमान करेगा। भाजपा नए प्रत्याशियों को लगातार मौके देते रहती है। इसलिए कुछ फैसले चौंकाने वाले जरूर होंगे। दक्षिण कन्नड़ से मौजूदा सांसद नलिन कुमार कतील, उत्तर कन्नड़ से अनंत कुमार हेगड़े और मैसूर से प्रताप सिम्हा को दोबारा टिकट न मिलने की अटकलों पर आर अशोक ने कहा, सोशल मीडिया पर भावनात्मक टिप्पणियां हो रही हैं। भाजपा की बैठक में हुई चर्चा को वे सार्वजनिक नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि मौजूदा सांसदों को भी उम्मीदें बरकरार रखनी चाहिए। सूची जारी होने से पहले अंतिम मिनट तक संभावनाओं को खारिज नहीं किया जा सकता।
भाजपा मैसूरु में रहने वाले शाही परिवार के वंशज यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार को मैसूरु सीट से लोकसभा प्रत्याशी बना सकती है। टिकट मिलने की अटकलों पर आर अशोक ने कहा, उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं। उन्होंने यदुवीर से संपर्क नहीं किया है। उनसे टिकट के संबंध में बात भी नहीं हुई है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे को उडुपी-चिकमंगलूर से हटाकर बंगलूरू उत्तर से राजनीतिक रणक्षेत्र में उतारा जा सकता है।
खबरों के मुताबिक भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में कर्नाटक की गठबंधन सहयोगी जेडीएस को ऑफर किए जाने वाले निर्वाचन क्षेत्रों पर भी चर्चा की गई। सूत्रों के मुताबिक जेडीएस तीन सीटों- मांड्या, हासन और कोलार पर चुनाव लड़ सकती है। एक उम्मीदवार के भाजपा के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक प्रसिद्ध कार्डियक सर्जन और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के दामाद डॉ. सीएन मंजूनाथ बंगलूरू ग्रामीण क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं। इस सीट पर मौजूदा सांसद और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश कांग्रेस उम्मीदवार हैं।
गौरतलब है कि भाजपा ने कर्नाटक में पांच साल पहले- 2019 में कराए गए लोकसभा चुनावों में कुल 28 सीटों में से 25 सीटें हासिल की थीं। भाजपा समर्थित एक निर्दलीय सांसद मांड्या लोकसभा सीट से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुआ था। 2019 में कर्नाटक में कांग्रेस और पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा की पार्टी- जेडीएस के गठबंधन वाली सरकार थी। साथ मिलकर चुनाव लड़ने के बावजूद लोकसभा चुनाव में उन्हें करारी शिकस्त मिली और दोनों दल- केवल एक-एक सीट जीतने में सफल रहे।