कोरोना वायरस से अभी पूरी दुनिया डरी हुई है और इस बीच हंता वायरस ने लोगों के जेहन में खौफ पैदा कर दिया है। इसकी वजह यह है कि हंता वायरस भी चीन में ही सामने आया है और सोशल मीडिया पर इसे लेकर खूब चर्चा हो रही है। इस वायरस ने चीन में एक शख्स की जान भी ले ली है जिसकी वजह से लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
क्या है इस वायरस का दक्षिण कोरिया से संबंध?
हंता वायरस का चीन के साथ ही दक्षिण कोरिया से भी संबंध है। दरअसल इस वायरस का नाम दक्षिण कोरिया की एक नदी के नाम पर पड़ा है। इस नदी का नाम ही हंता है। साल 1978 में कोरियाई हेमटोलॉजिक बुखार दक्षिण कोरिया के रोडेंट इलाके के आसपास फैला था जो कि हंता नदी के करीब है।
संयुक्त राज्य अमेरिका रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीएस) ने अपनी वेबसाइट में लिखा है कि हंता वायरस मुख्य तौर पर उसी परिवार का वायरस है जो कि दक्षिण कोरिया के रोडेंट इलाके में फैला था। अमेरिका में यह वायरस 'न्यू वर्ल्ड' के नाम से जाना जाता है। दूसरे प्रकार के हंता वायरस 'ओल्ड वर्ल्ड' के नाम से जाने जाते हैं जो कि सबसे ज्यादा यूरोपीय एवं एशियाई देशों में लोगों को संक्रमित करते हैं। इनकी वजह से गुर्दे के सिंड्रोम के साथ रक्तस्रावी बुखार होता है। कोई भी पुरुष, महिला या बच्चा चूहों के आसपास होता है तो उसे यह वायरस संक्रमित हो जाता है।