गुजरात में बिना परीक्षा दिए ही पहली से लेकर नौवीं तक, और ग्यारहवीं के विद्यार्थी अगली कक्षा में जाएंगे। सरकार ने कोरोना के बढ़ते प्रभाव के बाद यह फैसला लिया है। गुजरात में अब बिना परीक्षा दिए ही पहली कक्षा से लेकर नौवीं कक्षा तक और 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रमोट कर दिया जाएगा।
आपको बता दें कि देश के अन्य राज्यों की तरह ही गुजरात में भी कोरोना वायरस से बचाव के लिए स्कूलों को बंद और परीक्षाओं को स्थगित किया गया है। सरकार पहले से ही सूबे के पांच शहरों में पूरी तरह से लॉक डाउन की घोषणा कर चुकी है।
गुजरात सीईटी की परीक्षाओं को भी स्थगित किया गया है। इसके अलावा, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने भी जेईई मेन 2020 की परीक्षा को स्थगित किया है। महाराष्ट्र सरकार भी इसी तरह की व्यवस्था कर चुकी है। वहां भी बिना परीक्षा दिए ही पहली से लेकर आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रमोट किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें-
कोरोना महामारी से बचाव के लिए देशभर के कई राज्यों में दसवीं और 12वीं कक्षा की बची हुई परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया गया है। इसके अलावा, प्रतियोगी परीक्षाओं को भी फिलहाल टाल दिया गया है। उत्तराखंड से लेकर यूपी, मध्यप्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब व त्रिपुरा समेत कई राज्यों में पहले से ही सरकारी और निजी स्कूलों को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। यूजीसी ने भी देश के उच्च शिक्षा संस्थानों से सभी परीक्षाओं को स्थगित करने और शिक्षकों को घर से काम करने का निर्देश जारी किया है। कई कॉलेजों में शिक्षक घर से ही कक्षाएं ले रहे हैं।