Delhi: दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में बेहतर करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इसके लिए स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2024-25 से हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत व अन्य भाषाओं व साइंस, गणित, स्पोर्ट्स, योग के ही क्लब होंगे। इनमें से किसी एक श्रेणी में स्कूलों को क्लब की शुरूआत करनी होगी। क्लब में आयोजित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से छात्रों को पढ़ाई से जोड़ा जाएगा। सभी छात्र अनिवार्य रूप से किसी एक क्लब का हिस्सा बनेंगे।
दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने सभी सर्वोदय विद्यालय, माध्यमिक स्कूलों, सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में दो क्लब खोलने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अतिरिक्त शिक्षा निदेशक (स्कूल) डॉ. रीता शर्मा की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 से स्कूलों में केवल दो ही क्लब होंगे। इनमें से एक क्लब हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू व पंजाबी में से किसी एक भाषा में और एक क्लब साइंस, गणित, स्पोर्ट्स एंड योग, विजुअल आर्ट, परर्फोमिंग आर्ट(म्यूजिक एंड डांस) स्टूडेंट काउंसिल गतिविधियों में से किसी एक में शुरू होंगे।
स्कूलों में सभी मौजूदा सह-पाठ्यचर्या और खेल गतिविधियों को इन क्लब के साथ सम्मिलित किया जाएगा। निर्देशों में कहा गया है कि स्कूलों को सभी छात्रों को अनिवार्य रूप से किसी एक छात्र क्लब में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। क्लब के माध्यम से विभिन्न तरह की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी और बच्चों के लिए पढ़ाई भी रोचक बन सकेगी।