Vedic Mathematics In Gujarat Schools: नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को अमलीजामा पहुंचाने और धरातल पर साकार करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के शिक्षा महकमों ने कमर कस ली है। एक के बाद एक कई राज्यों में अगले साल से स्कूली शिक्षा बदलने वाली है। इसके लिए तेजी से काम हो रहा है। कहीं योग, आयुर्वेद, उद्यानिकी तो कहीं गीता ज्ञान सुनाने और खेती-बाड़ी सिखाने की घोषणाएं हो चुकी हैं। इसी क्रम में गुजरात के स्कूलों में भी वैदिक गणित पढ़ाने की तैयारी हो रही है।
गुजरात के शिक्षा मंत्री जीतू वाघाणी ने राज्य के स्कूलों में वैदिक गणित पढ़ाने की घोषणा की है। उन्होंने प्रसिद्ध भारतीय गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती पर यह घोषणा की। वाघाणी ने कहा है कि वैदिक गणित, जिसे अंकगणितीय समस्याओं को हल करने का एक आसान और तेज तरीका माना जाता है, अगले साल से गुजरात में स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा।