उत्तर प्रदेश को अगले साल तक दस नए मेडिकल कॉलेज मिल सकते हैं। यह जानकारी खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच पहुंचकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस बार मान्यता प्राप्त सभी सात नए मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर लखनऊ में मेडिकल यूनिवर्सिटी खोली जाएगी। सीएम ने कहा कि बलरामपुर में केजीएमयू के माध्यम से सेटेलाइट सेंटर की भी स्थापना होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 14 नए मेडिकल कॉलेज खोले जाने का भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। मुख्यमंत्री योगी ने बहराइच हॉस्पिटल का नाम बालार्क ऋषि के नाम पर व मेडिकल कॉलेज का नाम महाराजा सुहेलदेव के नाम पर रखे जाने की भी घोषणा की।
ये भी पढ़ें : अब सिर्फ NEET के जरिए मिलेगा मेडिकल में दाखिला, अन्य प्रवेश परीक्षाएं होंगी खत्म
एक एमबीबीएस छात्र पर 10 करोड़ रुपये खर्च करती है सरकार
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि एक एमबीबीएस छात्र पर प्रदेश सरकार दस करोड़ रुपये खर्च करती है। उनसे समाज और सरकार को कई उम्मीदें हैं। ऐसे में सभी विद्यार्थी कड़ी मेहनत कर अच्छे डॉक्टर बनें और प्रदेश का नाम रोशन करें।
ये भी पढ़ें : मेडिकल एडमिशन: अभ्यर्थियों को भेजे जा रहे फर्जी आवंटन पत्र, MCC ने किया आगाह